महिला सशक्तिकरण की दिशा में जीएचएमसी सक्रिय : कर्णन

हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे के विकास को जीएचएमसी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। संरचनात्मक विकास के साथ-साथ सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विशेषकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

जीएचएमसी मुख्यालय में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी, आयुक्त आर.वी. कर्णन व अन्य।

जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने सोमवार को जीएचएमसी मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस गार्ड की सलामी ली। जीएचएमसी महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी और उप महापौर श्रीलता शोभन रेड्डी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में नौ दिव्यांगों में श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक और व्हीलचेयर का वितरण किया गया। स्वयं सहायता समूहों एवं ट्रांसजेंडर सहित विभिन्न लाभार्थियों को चेक वितरित किये गये।

जनसंख्या बढ़कर 1.34 करोड़ और देश का सबसे बड़ा नगर निकाय

समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉ. बी. आर. अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, पंडित जवाहरलाल नेहरू तथा अन्य नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महापुरुषों ने देश की आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत संविधान का निर्माण किया। उन्होंने शहर के विकास में जीएचएमसी द्वारा की गई प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2025 जीएचएमसी की यात्रा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर रहा।

जीएचएमसी मुख्यालय में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपस्थित महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी, आयुक्त आर.वी. कर्णन व अन्य।

पिछले वर्ष 27 नगरपालिकाओं के विलय से जीएचएमसी का क्षेत्रफल 650 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 2,053 वर्ग किलोमीटर हो गया तथा जनसंख्या 1.34 करोड़ हो गई। इस विस्तार के साथ ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्रफल के आधार पर देश का सबसे बड़ा नगर निकाय बन गया है। प्रशासनिक सुविधा के लिए वार्डों की संख्या 150 से बढ़ाकर 300, सर्किलों की संख्या 30 से बढ़ाकर 60 तथा जोनों की संख्या 6 से बढ़ाकर 12 की गई।

सरकार, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से यह व्यापक पुनर्गठन अल्प समय में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता शहरी स्वास्थ्य की आधारशिला है। जीएचएमसी ने स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 7 स्टार गार्बेज फ्री सिटी का दर्जा हासिल किया तथा वॉटर प्लस और ओडीएफ पुन प्रमाणीकरण प्राप्त किया।

वन महोत्सव में 25 लाख पौधे और 40 नए पार्क विकसित

आयुक्त ने आगे कहा कि कचरे से ऊर्जा निर्माण, आरडीएफ, बायो-सीएनजी और मलबा निपटारा इकाइयों की स्थापना से ठोस कचरा प्रबंधन मजबूत हुआ है। शहरभर में पुराने कचरे के ढेर, भारी कचरा और परित्यक्त वाहनों को हटाने के लिए मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। विशेष अभियान के तहत 87 मीट्रिक टन ई-कचरा एकत्रित किया गया। सरकार स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, परंतु स्वच्छ हैदराबाद का लक्ष्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव होगा। उन्होंने कहा कि जीआईएस आधारित निगरानी और वीबीडी ऐप के माध्यम से डेंगू मामलों में 30 प्रतिशत की कमी आई और इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार से जीएचएमसी को सराहना मिली। रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट प्रभावी रूप से कार्य कर रही है।

यातायात जाम कम करने और शहरी गतिशीलता बढ़ाने के लिए एच-सिटी परियोजना के तहत आरओबी, आरयूबी और फ्लाईओवर जैसे प्रमुख अवसंरचना कार्य किए जा रहे हैं। वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत ग्रेटर हैदराबाद में 25 लाख पौधे लगाए गए और 40 नए सुंदर पार्क विकसित किए गए। वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए ग्रीन बफर जोन विकसित किए गए।

कर्णन ने कहा कि कोर शहरी क्षेत्र के लिए व्यापक वर्षा जल मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जीआईएस आधारित संपत्ति सर्वेक्षण, ऑनलाइन कर भुगतान, एआई आधारित उपस्थिति प्रणाली, जीपीएस वाहन ट्रैकिंग और स्टॉर्म वाटर मैपिंग जैसी डिजिटल पहल से पारदर्शिता और सेवा वितरण में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जीएचएमसी महिला सशक्तिकरण के लिए बैंक लिंकेज, ब्याज मुक्त ऋण, पीएम स्वनिधि सहायता, कौशल विकास केंद्रों और इंदिरम्मा महिला शक्ति कैंटीनों के संचालन जैसी कई पहलों पर काम कर रहा है, जिससे महिलाओं की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा मजबूत हो रही है।

चार ट्रांसजेंडर समूहों को 19.5 लाख का ऋण स्वीकृत

कर्णन ने नागरिकों से समय पर संपत्ति कर भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे हैदराबाद के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद केवल एक शहर नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान किया कि संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करते हुए 1.34 करोड़ नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी हितधारकों से मिलकर कार्य करें।

आर.वी. कर्णन ने आगे बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 7,127 स्वयं सहायता समूहों को कुल 855 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए गये। इसके अंतर्गत चार ट्रांसजेंडर स्वयं सहायता समूहों को 19.5 लाख के ऋण स्वीकृत किए गए। स्वरोजगार योजनाओं के तहत छह ट्रांसजेंडर व्यक्तियों सहित 47 को 3.07 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, जूट बैग निर्माण में संलग्न प्रेम लीला ट्रांसजेंडर समूह को स्वरोजगार हेतु 6 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जिससे पाँच ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आजीविका मिल रही है।

समारोह में खैरताबाद जोनल आयुक्त प्रियंका अला, मुकुंद रेड्डी, अतिरिक्त आयुक्त सुभद्रा देवी, रघु प्रसाद, सत्यनारायण, मंगतयारू, पंकजा, सीसीपी श्रीनिवास, सतर्कता एएसपी नरसिंह रेड्डी, मुख्य अभियंता सहदेव रत्नाकर, मुख्य लेखा परीक्षक वेंकटेश्वर रेड्डी, वित्तीय सलाहकार शरत चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पद्मा, एसई श्रीनिवास रेड्डी, पीआरओ ममिंडाला दशरथम एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button