उस्मानिया अस्पताल जाना मतलब मौत को दावत देना : राजा सिंह
हैदराबाद, राज्य के सबसे पुराने व बड़े अस्पतालों में से एक उस्मानिया अस्पताल की स्थिति को लेकर विधायक राजा सिंह ने बेहद ही नाराजगी जताते हुए रोगियों से उस्मानिया अस्पताल जाने से बचने की अपील की। विधायक राजा सिंह ने आज उस्मानिया अस्पताल का दौरा करते हुए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी जुटाई। इसके बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि करीब घंटाभर तक अस्पताल का दौरा किया, हर ओर गंदगी का साम्राज्य है।

शौचालय जाना अलग से नई बीमारी को गले लगाने जैसा है। लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रोगियों के अलावा उनके अभिभावकों में डर है, जगह-जगह फैली गंदगी बीमारियों को दावत दे रही है। विधायक राजा सिंह ने अस्पताल की स्थिति पर निराशा जताते हुए कहा कि आज के समय उस्मानिया अस्पताल आना मतलब सीधे तौर पर मौत को दावत देना है। कई बीमारियों की दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए भी कोई प्रबंध नहीं है।
यह भी पढ़ें… सभी विभागों में हो समन्वय : हरिचंदना
इसके बाद विधायक ने अस्पताल के पीछे मुर्दाघर का दौरा करते हुए कहा कि मुर्दाघर में कई लावारिस शव सड़ी-गली अवस्था में पड़े हुए हैं। मुर्दाघर से संबंधित चिकित्सकों, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की शिकायतों के बावजूद भी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि गोशामहल पुलिस ग्राउंड में अस्पताल बनने में तीन वर्ष का समय लगने की जानकारी दी जा रही है, ऐसे में सरकार को शहर के सबसे बड़े अस्पताल की बदहाली पर गंभीर होने की आवश्यकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



