वेतन देरी पर तेलंगाना के सरकारी डॉक्टरों की हड़ताल की चेतावनी
हैदराबाद, तेलंगाना के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा वेतन भुगतान में देरी सहित कई लंबित माँगों को लेकर सरकार को राज्यव्यापी हड़ताल की धमकी दी गई है।
तेलंगाना गवर्नमेंट डॉक्टर्स असोसिएशन (टीजीजीडीए) के प्रतिनिधियों ने कहा कि तेलांगाना वैद विधान परिषद (टीवीवीपी) के तहत कर्मचारियों के वेतन भुगतान में बार-बार विलंब होना चिंतनीय विषय है। आज भी बड़ी संख्या में चिकित्सकों को वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक समस्याओं के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा टीवीवीपी चिकित्सकों की पदोन्नति और डीएसएच कर्मचारियों की तैनाती फिलहाल ठप्प पड़ी है। नवस्थापित मेडिकल कॉलेजों में परिधीय मेडिकल कॉलेज भत्ता स्वीकृत करने की मांग की ओर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
यह भी पढ़े: हैदराबाद में डॉक्टरों की लापरवाही के चलते बालिका की मौत
टीजीजीडीए प्रतिनिधियों ने कहा कि टीवीवीपी को तत्काल माध्यमिक स्वास्थ्य निदेशालय में परिवर्तित करने की माँग की जा रही है, लेकिन तमाम आश्वासनों के बाद भी इस दिशा में सरकार द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर हमारी माँगों को पूरा नहीं करती है, तो आने वाले समय में राज्यव्यापी हड़ताल जैसे कदम उठाने के लिए चिकित्सकों को मजबूर होना पड़ेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



