सफाई कर्मियों की वेतन वृद्धि का विचार कर रही है सरकार : पोन्नम प्रभाकर
हैदराबाद, राज्य परिवहन, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं हैदराबाद जिला प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि राज्य को स्वस्थ बनाए रखना सरकार का लक्ष्य है। इसी तरह राज्य की राजधानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने को प्राथमिकता दी जा रही है और इस कार्य में जीएचएमसी कर्मचारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि की योजना बना रही है।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने मंगलवार को बंजारा हिल्स में कोमुरम भीम भवन में जीएचएमसी सफाई कर्मचारियों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। अवसर पर मंत्री ने विशेष स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य जांच कराई। मंत्री ने स्वास्थ्य जांच शिविर में इस्तेमाल की गई आधुनिक मशीनों, कर्मचारियों को दी जाने वाली दवाओं आदि का निरीक्षण किया। मंत्री ने महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी, जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन और हैदराबाद कलेक्टर दासरी हरिचंदना के साथ जीएचएमसी सफाई कर्मचारियों में व्यक्तिगत किट का भी वितरण किया।
पोन्नम ने अवसर पर कहा कि जीएचएमसी कर्मचारी हैदराबाद महानगर को स्वच्छ बनाने में महती भूमिका निभा रहे हैं। हर सफाई कर्मचारी के स्वास्थ्य की जांच करने और उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए एक कार्यक्रम शुरू किया गया है। सरकार कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने की योजना बना रही है। यह मामला मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया गया है। सरकार उन लोगों के प्रति सकारात्मक रवैया रखती है, जो आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना माँगे मोर, पीयूष गोयल से रेवंत ने की कई डिमांड
सफाई कर्मियों को इंदिराम्मा घर और सुविधा
अगर वित्तीय स्थिति में सुधार होता है, तो वेतन वृद्धि से संबंधित मुद्दा मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सभी गांवों में इंदिराम्मा घर प्रदान किये जा रहे हैं। हैदराबाद में भी जमीन रखने वालों को इंदिराम्मा घर मंजूर किए जाएंगे। झुग्गियों को विकसित करने की प्रक्रिया में जीएचएमसी कर्मियों का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि हैदराबाद में निवेश आ रहा है, तो उसमें सफाई कर्मचारियों की भी भूमिका है।



कर्मचारी दुनिया को हैदराबाद दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुकुलों में मेस का शुल्क बढ़ाया गया है। योग्य लोगों को बारीक चावल वितरित किये जा रहे हैं और 200 यूनिट मुफ्त बिजली की आपूर्ति की जा रही है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मचारियों के बच्चों को गुरुकुल में सीटें उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जीएचएमसी महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने अवसर पर कहा कि सफाई कर्मचारियों को बार-बार होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए किट का अच्छा उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने सलाह दी कि बारिश का मौसम में बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए पहले से ही सावधानी बरतें। शिविरों से लाभ उठाएं और समय पर दवाइयां लें। उन्होंने कहा कि जीएचएमसी कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है। कर्मचारियों के स्वास्थ्य की रक्षा के अलावा जीएचएमसी ने उनके परिवार के सदस्यों को रोजगार देने का फैसला किया है, जिनकी असामयिक मृत्यु हो गई है और जो बुढ़ापे के कारण काम करने में असमर्थ हैं।
स्वास्थ्य शिविर में 450 कर्मियों की जांच
जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ पशु चिकित्सा और कीट विज्ञान विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों को तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर किट वितरित की गई थी। अब बारिश के दौरान भी उनकी नियमित जाँच की जा रही है। आज बंजारा हिल्स क्षेत्र में 450 सफाई कर्मचारियों को जीएचएमसी फ्रंटलाइन कार्यकर्ता के रूप में उनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है।



आयुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदान की गई किटों का सही तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए। कर्मचारियों के स्वास्थ्य की रक्षा के उद्देश्य से जीएचएमसी जोनल स्तर पर भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने कहा कि डॉक्टरों ने शिविर में विभिन्न प्रकार के परीक्षण किए और सफाई कर्मचारियों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की हैं। जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए स्टॉल भी स्थापित गये हैं।
इस कार्यक्रम में जोनल कमिश्नर अनुराग जयंती, जीएचएमसी के अतिरिक्त आयुक्त रघु प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पद्मजा, जिला चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेंकट, टीबी निवारण अधिकारी चल्ला देवी, अतिरिक्त डीएम और एचओ डॉ. विजयनिर्मला, डॉ. मुरलीधर, कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. राधा किशन, तहसीलदार अनिता रेड्डी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



