दलित बंधु योजना की राशि प्रदान करे सरकार : केटीआर
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मांग करते हुए कहा कि सरकार ने जिन दलितों को चुना है उन्हें तुरंत ही दलित बंधु योजना की राशि अदा की जाए। भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में केटीआर से आज दलित बंधु साधना समिति के सदस्यों ने भेंट कर अपनी समस्याएं बताईं और आरोप लगाया कि जानबूझकर सरकार दलित बंधु योजना का लाभ दलितों को नहीं दे रही है।
केटीआर ने रेवंत सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का घोषणा-पत्र इस शताब्दी का सबसे बड़ा धोखा है जिसमें सत्ता में आते ही 100 दिनों में 6 गारंटियां और 420 वादे पूरे करने के असत्य आश्वासन दिये गए हैं, परंतु कोई वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूर्व केसीआर शासन में 10 लाख रुपये वाली दलित बंधु योजना की राशि को सत्ता में आने पर बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने का जो वादा कांग्रेस ने किया था, उसे पूरा करे।
यह भी पढ़ें… केसीआर के साथ केटीआर व हरीश राव की बैठक, भविष्य की रणनीति पर चर्चा
रेवंत रेड्डी पर कटीआर का तीखा हमला
इसके अलावा दलित बंधु योजना पर लगाई गई फ्रिजिंग को भी तुरंत हटाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले दी जा रही 10 लाख रुपये की राशि में 2 लाख रुपये अतिरिक्त जोड़कर 12 लाख रुपये देने का वादा किया था, उसी के अनुसार दलित बंधु योजना जल्द ही प्रारंभ करने के लिए उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का को पत्र लिखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है दलित ही नहीं, एससी, एसटी, बीसी हर वर्ग को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एससी डिक्लेरेशन जारी करने वाली सरकार ने उसे भी भुला दिया है।
तेलंगाना भवन में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कटीआर ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रति विवादास्पद बयान में कहा कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान लिखते समय सोचा नहीं होगा कि रेवंत रेड्डी जैसे चोर और नंगे लोग ऐसे पद पर आसीन होंगे। यदि अंबेडकर ने भविष्य देख लिया होता तो वे रेवंत रेड्डी जैसे धोखेबाजों को रिकॉल करने (वापस बुलाने) का प्रावधान देश के संविधान में जरूर शामिल करते थे। शायद इसलिए संविधान में सरकारों व जनप्रतिनिधियों के लिए 5 सालों की समय सीमा तय कर दी। राजनीति में असंसदीय भाषा के लिए कोई स्थान नहीं है।
टीबीजीकेएस प्रभारी पूर्व मंत्री कोप्पुला
भारास की सिंगरेणी इकाई तेलंगाना बोग्गु गनी कार्मिका संघम (टीबीजीकेएस) प्रभारी के तौर पर पूर्व मंत्री कोप्पुला ईश्वर को नियुक्त किया गया है। इससे पहले कोप्पुला टीबीजीकेएस के संस्थापक सदस्य रहे हैं। इसके साथ ही जल्द ही सिंगरेणी क्षेत्र में टीबीजीकेएस के तत्वावधान में पार्टी की विस्तृत सभा किए जाने का निर्णय लिया गया। सिंगरेणी क्षेत्र से संबंधित पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रभारियों व जनप्रतिनिधियों ने साथ केटीआर ने बैठक की।
इसमें निर्णय लिया गया कि टीबीजीकेएस से संबंधित सारे कार्यकलाप कोप्पुला ईश्वर के नेतृत्व में आगे बढ़ाए जाएंगे। इस बैठक में सिंगरेणी की समस्याओं पर आंदोलन तेज करने और कांग्रेस सरकार द्वारा चुनाव में सिंगरेणी कर्मचारियों के साथ किए गए वादे पूरे कराने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया।
अवसर पर केटीआर ने कहा कि सिंगरेणी की खदानों का निजीकरण करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर कांग्रेस के रचे जा रहे षड़यंत्रों के खिलाफ भी आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बीआरएस की ओर से टीबीजीकेएस को हर प्रकार का समर्थन दिया जाएगा। कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए बीआरएस के विधि प्रकोष्ठ (लीगल सेल) की ओर से मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



