भगवती बाई मॉन्टेसरी स्कूल में भव्य ग्रेजुएशन समारोह
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति द्वारा संचालित भगवती बाई मॉन्टेसरी स्कूल एवं टाइनी स्टार्स महावीर प्रसाद बजरंग लाल इंटरनेशनल प्ले स्कूल की ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन समिति के सेडमल हॉल में भव्यता से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सामूहिक वंदे मातरम् गीत से किया गया। माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि मनोज कुमार गोयल, मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. मोहन गुप्ता, सचिव सीए नवीन कुमार अग्रवाल, स्कूल के करेस्पॉन्डेंट शेष कुमार गोयल, प्रधानाध्यापिका आराधना मोदानी, समिति के अकादमिक निदेशक डॉ. सरोज जैन ने किया। गणमान्य अतिथियों का विद्यार्थियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि मनोज कुमार गोयल को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आराधना मोदानी ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय इस वर्ष अपने स्थापना के पचास वर्ष पूर्ण कर रहा है, जो विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।
अभिभावकों से मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की अपील
समिति के मानद मंत्री सी.ए. नवीन कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अधिक समय तक मोबाइल फोन न देखने देने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि अत्यधिक फोन देखने से बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा के महत्व को समझाने पर बल दिया।
साथ ही जोड़ा कि विद्यालय में यदि कोई बच्चा प्रवेश लेता है, तो उसे प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर स्नातकोत्तर तक की शिक्षा प्रदान की जाती है। समिति की शिक्षण संस्थाओं का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें इतना सक्षम बनाना है कि वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ आकर बचपन की यादें ताज़ा हो गईं। उन्होंने कहा कि अपने पूरे जीवन में उन्होंने बी.बी.एम.एस. से अच्छा मॉन्टेसरी विद्यालय नहीं देखा। उन्होंने प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से बताया कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभाएँ होती हैं। माता-पिता को बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने में सहायता करनी चाहिए। उन्हें स्वतंत्र खुले आकाश में उड़ने की प्रेरणा देनी चाहिए। उन्होंने बचपन पर आधारित सुंदर कविता सुनाकर अपने भाषण का समापन किया।
यह भी पढ़ें… ट्रांसजेंडरों के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्घाटित
यू.के.जी. के विद्यार्थियों ने ‘रिदम ऑफ रूट्स’ से स्वागत नृत्य किया
अवसर पर यू.के.जी. के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। गणमान्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रमाण-पत्र वितरण के पश्चात कार्यक्रम को और अधिक मनोरंजक बनाने के लिए प्ले ग्रुप से लेकर यू.के.जी. तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सर्वप्रथम यू.के.जी. के विद्यार्थियों ने रिदम ऑफ रूट्स शीर्षक से स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इसके बाद प्ले ग्रुप के विद्यार्थियों ने लिटिल सिक्स, बिग एनर्जी की प्रस्तुति दी। नर्सरी-1 के बच्चों ने जर्नी ऑफ जॉय तथा नर्सरी-2 के बच्चों ने मस्ती की पाठशाला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात पीपी-1 के विद्यार्थियों ने स्मार्ट्स ब्रेन ओवर स्मार्ट फोन्स, हेल्दी बाइट्स हैप्पी लाइफ तथा चैम्पियंस इन द मेकिंग जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रेजुएशन प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने टाइनी स्टेप्स टू बिग ड्रीम्स शीर्षक से अंतिम प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन बबिता गोयल द्वारा किया गया। पूनम जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज कुमार गोयल, मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. मोहन गुप्ता, सचिव सी.ए. नवीन कुमार अग्रवाल, स्कूल के करेस्पॉन्डेंट शेष कुमार गोयल, प्रधानाध्यापिका आराधना मोदानी, समिति के अकादमिक निदेशक डॉ. सरोज जैन व अन्य संस्थाओं के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



