ग्रीन गोल्ड एनिमेशन ने शुरू किया लेखक खोज अभियान
नई दिल्ली, छोटा भीम तथा अन्य प्रसिद्ध बाल पात्रों का निर्माण करने वाले स्टूडियो ग्रीन गोल्ड एनिमेशन द्वारा राष्ट्रव्यापी लेखक खोज अभियान की घोषणा की गई है। यह पहल स्टूडियो द्वारा बच्चों के लिए एक नई एनिमेटेड श्रृंखला के विकास की प्रक्रिया का हिस्सा है। यह प्रतियोगिता आगामी 1 सितंबर से वर्चुअल रूप से आरंभ होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रीन गोल्ड एनिमेशन द्वारा लांच लेखक खोज अभियान का उद्देश्य बच्चों के मनोरंजन दुनिया में नए मौलिक दृष्टिकोण लाने वाले कहानीकारों को नई एनिमेटेड श्रृंखला के विकास में शामिल करना है। यह खुली प्रतियोगिता देशभर के शुरुआती करियर वाले लेखकों और रचनाकारों खासकर उन लोगों के लिए जो बच्चों की कहानी कहने के लहजे और भावनात्मक दायरे को समझते हैं, के लिए है। इसमें भाग लेने के लिए एनीमेशन में पूर्व अनुभव आवश्यक नहीं है।
जानकारी देते हुए बताया गया कि यह प्रतियोगिता 1 सितंबर से शुरू होगी और वर्चुअल रूप से आयोजित की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी [email protected] पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर होगी। पंजीकृत प्रतिभागियों को एक संक्षिप्त विवरण या असाइनमेंट मिलेगा, जिसमें आगामी शो की रचनात्मक दिशा का विवरण होगा। चयनित प्रतिभागियों को श्रृंखला की सामग्री पर ग्रीन गोल्ड एनिमेशन की विकास टीम के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। स्टूडियो के भीतर अनुभवी पेशेवरों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक और सीईओ राजीव चिलका ने संदर्भ में कहा कि लगभग दो दशकों से हमें कई बाल किरदारों को जीवंत करने का सौभाग्य मिला है। आज के बच्चे पहले से कहीं अधिक जिज्ञासु तथा अभिव्यंजक हैं। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि हमारी कहानियाँ उस बदलाव को प्रतिबिंबित करें। उन्होंने कहा कि इस पहल के साथ हम नई प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं। हम ऐसी कहानियों की तलाश में हैं, जो बच्चों को हसाएं तथा सोचने को प्रोत्साहित करें। इस कड़ी में राष्ट्रव्यापी लेखक खोज अभियान एक अहम पहल है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



