जीटी का जलवा, नाइट राइडर्स को 39 रन से हराया
कोलकाता, कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहाँ कोलकाता नाइट राइडर्स को एकतरफा मुकाबले में 39 रन से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इस जीत से टाइटंस के आठ मैच में 12 अंक हो गए हैं और उसने अंक तालिका के शीर्ष पर दो अंक की बढ़त बना ली है।
नाइट राइडर्स की टीम छह अंक के साथ सातवें स्थान पर है। नाइट राइडर्स की टीम टाइटंस के 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान अजिंक्य रहाणे (50) के अर्धशतक के बावजूद आठ विकेट पर 159 रन ही बना सकी। अंगकृष रघुवंशी 13 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाकर रहाणे के बाद दूसरे सर्वेच्च स्कोरर रहे।
राशिद खान (25 रन पर दो विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (25 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने नाइट राइडर्स की टीम कभी लक्ष्य के करीब पहुँचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। साई किशोर (19 रन पर एक विकेट), मोहम्मद सिराज (32 रन पर एक विकेट), वॉशिंगटन सुंदर (36 रन पर एक विकेट) और इशांत शर्मा (18 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया।
गिल ने 55 गेंदों में 10 चौकें और तीन छक्कें से 90 रन की पारी खेलने के अलावा सुदर्शन (52) के साथ पहले विकेट के लिए 114 और जोस बटलर (नाबाद 41) के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की जिससे टाइटंस ने तीन विकेट पर 198 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। सुदर्शन ने 36 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा, जबकि बटलर ने 23 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके मारे।
यह भी पढ़ें… लो स्कोरिंग मैच में पंजाब ने मारी बाजी
रहाणे का अर्धशतक बेकार, केकेआर लक्ष्य से दूर
लक्ष्य का पीछा करने उतरे नाइट राइडर्स ने पारी की पाँचवीं गेंद पर ही रहमानुल्लाह गुरबाज (01) का विकेट गँवा दिया, जिन्हें मोहम्मद सिराज ने पगबाधा किया। सलामी बल्लेबाज सुनील नारायण (17) और कप्तान रहाणे ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। रहाणे ने सिराज और इशांत शर्मा पर चौका जड़ने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा पर भी दो चौके मारे। नारायण ने सिराज की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन राशिद खान की गेंद पर राहुल तेवतिया को कैच दे बैठे।
नाइट राइडर्स ने पॉवर प्ले में दो विकेट पर 45 रन बनाए। राशिद की अगुआई में गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया जिससे नाइट राइडर्स की टीम 10 ओवर में दो विकेट पर 68 रन ही बना सकी। रहाणे ने वॉशिंगटन सुंदर पर चौका और छक्का जड़कर रन गति बढ़ाने की कोशिश की लेकिन साई किशोर ने वेंकटेश अय्यर (14) को पवेलियन भेज दिया।
रहाणे ने वाशिंगटन की गेंद पर एक रन के साथ 36 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया लेकिन एक गेंद बाद वाइड गेंद पर बटलर के हाथों स्टंप हो गए। उन्होंने 36 गेंदों की अपनी पारी में पाँच चौके और एक छक्का मारा। आंद्रे रसेल ने आते ही वॉशिंगटन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 13 ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।
नाइट राइडर्स को अंतिम पाँच ओवर में जीत के लिए 85 रन की जरूरत थी। राशिद ने रसेल (21) को बटलर के हाथों स्टंप कराके नाइट राइडर्स को बड़ा झटका दिया जबकि प्रसिद्ध ने रमनदीप सिंह (01) और मोईन अली (00) को पवेलियन भेजा। रघुवंशी ने 18वें ओवर में राशिद पर चौका जबकि रिंकू सिंह (17) ने छक्का जड़ा, लेकिन इसके बावजूद नाइट राइडर्स को अंतिम दो ओवर में 60 रन की दरकार थी और टीम लक्ष्य से काफी दूर रही।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



