गुलज़ार हौज़ प्लास्टिक के कूड़ेदान में तब्दील

हैदराबाद, पुनर्निर्माण कर सुंदर रूप देने से ऐसा लगा था कि गुलजार हौज दर्शकों के लिए नयनाभिराम बनेगा, लेकिन उद्घाटन के दो साल बाद ही लगभग चार शताब्दियों पुराना यह फव्वारा प्लास्टिक के कचरे के ढेर में बदल गया है। महीनों के पुनर्निर्माण के बाद इस ऐतिहासिक फव्वारे का उद्घाटन अक्तूबर, 2023 में हुआ था। कुली कुतुब शाह शहरी विकास प्राधिकरण (क्यूक्यूएसयूडीए) ने इसके पुनर्निर्माण पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

विरासत संरक्षण में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी डेक्कन टेरेन हेरिटेज ने इस संरचना का पुनर्निर्माण किया और इसे फिर से जीवंत किया। एक स्थानीय दुकानदार सिराजुद्दीन ने कहा कि कुछ महीनों तक तो लगा कि चीज़ें बदल गई हैं और फव्वारा आकर्षक और स़ाफ-सुथरा रहा, लेकिन फिर चीज़ें पुरानी जैसी हो गईं और अब यह कचरे के ढेर में तब्दील हो गया है। प्लास्टिक की थैलियाँ और बोतलें पानी में फेंक दी जाती हैं।

गुलज़ार हौज़ चार मेहराबों मछली कमान, शेर-ए-बातिल कमान, काली कमान और चारमीनार कमान के मध्य में स्थित है। इस फव्वारे का निर्माण मूल रूप से मीर मोमिन अस्तराबादी ने करवाया था, जो मुहम्मद कुली कुतुब शाह के शासनकाल में प्रधानमंत्री थे। पुनर्निर्माण के बाद इस फव्वारे में लगभग 200 टोंटियाँ एक क्रम में व्यवस्थित हैं और इसे नीले रंग के पैटर्न वाली सफेद टाइलों से भी सजाया गया है।

यह भी पढ़े : वर्षाजल निकासी मास्टर प्लान शीघ्र

संरचना की सुरक्षा के लिए जैतूनी हरे रंग से रंगी धातु की दीवारें लगाने के अलावा अधिकारियों ने एलईडी लाइटें भी लगाई हैं, जो रात में फव्वारे की सुंदरता में चार चाँद लगा देती हैं। स्थानीय व्यापारी सुमित अग्रवाल ने कहा कि फव्वारे को नियमित रूप से रोशन नहीं किया जाता। इसके अलावा प्रदूषित पानी और प्लास्टिक के ढेर के कारण लोग अब खड़े होकर सेल्फी नहीं ले रहे हैं, जैसा कि नवीनीकरण के बाद उद्घाटन के समय हुआ था।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button