जगतगिरीगुट्टा में हनुमान जन्मोत्सव 2 अप्रैल को
हैदराबाद, श्री सालासर हनुमान मंदिर जगतगिरीगुट्टा में गुरुवार 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बैठक सम्पन्न हुई। यहाँ मंदिर के उपाध्यक्ष पवन सोंथलिया ने बताया कि बैठक में उपस्थित ट्रस्टीगण को हनुमान जन्मोत्सव पर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गयी। 2 अप्रैल को सुबह 5.30 बजे से हनुमान जी का विशेष अभिषेक किया जाएगा। तत्पश्चात आरती की जाएगी।
सुबह 7 बजे से निशान यात्रा अपर्णा काउंटी मियाँपुर से प्रारंभ होकर 8.30 बजे अंबिका फर्नीचर विवेकानंद स्टेच्यू विवेकानंद नगर पर पहुंचेगी और वहाँ से शुरू होकर 9.30 बजे सालासर मंदिर जगतगिरीगुट्टा पहुंचेगी। भक्तों द्वारा निशान यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। सुबह 10 बजे से हनुमान जी का विशेष हवन होगा। इसके अलावा सुबह 10 बजे से निरंतर हनुमान चालीसा का पाठ होगा। दोपहर 12.30 बजे से भंडारा महाप्रसाद का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें… श्री गौतम स्वामी का शक्रस्तव एवं पुष्पवृष्टि पूजन आयोजित
शाम 6.30 बजे महाआरती और 7.30 बजे कुचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुति
मध्याह्न 3.30 बजे से अजय याग्निक (दिल्ली) द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। शाम 6.30 बजे महाआरती की जाएगी। सायं 7.30 बजे से कुचिपुड़ी नृत्य द्वारा सुंदरकांड की झांकियां श्रीदेवी एवं राजनाला द्वारा प्रस्तुत की जाएँगी। रात्रि 9.30 बजे से हैदराबाद के भजन गायक मुरारी दायमा एवं प्रतीक दायमा द्वारा भजनों की गंगा बहाई जाएगी। हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिर में विराजित सभी देवी देवताओं का अद्भुत श्रृंगार करने के अलावा मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। भक्तों के लिए छप्पन भोग एवं सवामणि प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इच्छुक भक्त मंदिर से संपर्क कर सकते हैं। निशान यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालु संपर्क कर सकते हैं। हनुमान जन्मोत्सव पर जो भी भक्त सेवा देना चाहते हैं या अन्य सहयोग करना चाहते हैं, वे मंदिर के पदाधिकारी या पंडितजी से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अध्यक्ष अरुण तुलस्यान, उपाध्यक्ष पवन सोंथलिया, किशन अग्रवाल, मंत्री संजय सराफ, उप मंत्री सुरेंद्र गर्ग, सुभाष जिंदल, कोषाध्यक्ष नवीन तुलस्यान, जगदीश सोंथलिया, अजय सोंथलिया, राम किशोर टिबरेवाल, सुनील पसारी, कमल अग्रवाल, विश्वंभर अग्रवाल, पवन जिंदल, श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रह्लाद गोयल, शिवम अग्रवाल, आशीष अग्रवाल व अन्य उपस्थित थे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने नगरद्वय के भक्तों से मंदिर पधार कर बाबा के दर्शन करने एवं प्रसाद का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



