हरीश राव ने किशन रेड्डी व बंडी संजय को दी नसीहत

हैदराबाद, संसद के दोनों सदनों में पेश वित्त वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा में पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के शासन के दौरान निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना व मिशन काकतीय के चलते तेलंगाना में अधिक सिंचाई भूमि को जल उपलब्ध होने तथा भूगर्भ जल स्तर बढ़ने को लेकर की गई प्रशंसा का उल्लेख करते हुए भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक दल के उपनेता टी. हरीश राव ने कहा कि आये दिन बीआरएस शासन को कोसने वाले केंद्रीय कोयला, खान मंत्री जी. किशन रेड्डी व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय आलोचनाओं से बाज आएँ।

तेलंगाना भवन, भारास मुख्यालय में मुख्य सचेतक के.पी. विवेकानंद गौड़ के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए हरीश राव ने कहा कि पूर्व केसीआर शासन के 9 सालों में तेलंगाना किस प्रकार प्रगतिपथ पर अग्रसर हुआ, यह खुद केंद्र सरकार ने आर्थिक समीक्षा में स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश आर्थिक समीक्षा की प्रति दिखाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना व मिशन काकतीय के जरिए तेलंगाना की करीब 32 लाख एकड़ भूमि को सिंचाई जल उपलब्ध होने पर प्रशंसा की।

संसद में कालेश्वरम मेडिगड्डा बैरेज पर सुरक्षा चिंताएं उठीं

संसद में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में रिपोर्ट का हवाला देकर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी के दिए उत्तर में तेलंगाना की कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना के मेडिगड्डा बैरेज को डरावना तथा इसमें पानी भरने पर पूरा बैरेज ही ढहने का खतरा बताए जाने को लेकर जब हरीश राव से प्रश्न किया गया, तो उन्होंने कहा कि उसी रिपोर्ट में मेडिगड्डा के धंसे पिल्लर्स की युद्ध स्तर पर मरम्मत करने की सलाह दी गई है। उन्होंने सरकार से प्रश्न किया कि आखिरकार क्यों दो सालों से बैरेज की मरम्मत नहीं की जा रही।

हरीश राव ने कांग्रेस सरकार पर आंध्र प्रदेश की बनकाचर्ला व नल्लामल्ला सागर परियोजना के नाम पर पालमुरू के लिए मौत का फरमान लिखने का आरोप लगाते हुए कहा कि गोदावरी व कृष्णा जल के मुद्दे पर पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश को सरकार योजनाबद्ध तरीके से सहयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू को गुरुदक्षिणा के तौर पर तेलंगाना का जल सौंपने पर तुले हुए हैं, लेकिन बीआरएस चुप नहीं बैठेगी। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन छ़ेड़ेगी।

यह भी पढ़ें… सोने की बढ़ती कीमत को लेकर अफवाह फैलाने वालों को पुलिस आयुक्त ने चेताया

सुप्रभात बीआरएम में शामिल

मेदक निर्वाचन क्षेत्र के रामायमपेट में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सुप्रभात राव आज टी. हरीश राव के समक्ष अपने समर्थकों के साथ बीआरएस में शामिल हुए।

हरीश राव ने कहा कि सुप्रभात के बीआरएस में शामिल होने से मेदक में पार्टी को और अधिक शक्ति मिली है। अब संयुक्त मेदक के म्युनिसिपालिटी चुनाव में बीआरएस का क्लीन स्वीप तय है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि भरोसा करके बीआरएस में शामिल होने वालों के साथ पार्टी उचित न्याय करेगी। उन्होंने कहा कि जनता विधानसभा चुनाव में बीआरएस को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि सुप्रभात राव कांग्रेस में पिछले 25 वर्षों से एनएसयूआई से लेकर प्रदेश कांग्रेस सचिव तक विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं, अब बीआरएस में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आए 2 साल हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना को कुछ नहीं दिया है, इसलिए जनता ही नहीं बल्कि कांग्रेस के भीतर नेता व कार्यकर्ता तक निराश हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button