हैदराबाद में भारी बारिश: जलभराव से जनजीवन प्रभावित, सीएम ने की समीक्षा
हैदराबाद, शहर में हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। शुरुआती हल्की बौछारें धीरे-धीरे तेज बारिश में बदल गईं, जिससे उत्तरी, पश्चिमी और केंद्रीय हिस्सों में भारी जलभराव हो गया।
शेरिलिंगमपल्ली, मियापुर, चंदानगर, कुकटपल्ली और आरसी पुरम सहित सिकंदराबाद के उप्पल, कापरा, मूसारामबाग, उस्मानिया यूनिवर्सिटी क्षेत्र और मलकाजगिरि में सड़कें पानी से भर गईं। इसके चलते यातायात कई जगहों पर ठप हो गया और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ राहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस, हैद्रा और ट्रैफिक पुलिस तुरंत कार्रवाई करें।
निचले इलाकों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आपात स्थिति को छोड़कर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। जीएचएमसी और बिजली विभाग के अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत उपाय करने के आदेश दिए गए हैं।

मेयर गदवाल विजयलक्ष्मी ने मसाबटैंक का दौरा कर बारिश से हुए जलभराव और यातायात की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने जीएचएमसी, एचएमडब्ल्यूएसएसबी और डीआरएफ अधिकारियों को सतर्क रहते हुए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेयर ने बारिश से जमा पानी को शीघ्र निकालने, सड़कों की सफाई और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



