ईद से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, उत्तम नगर में कड़ी सुरक्षा

Ad

नयी दिल्ली, पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में चार मार्च को हुई हत्या के बाद तनाव व्याप्त रहने के मद्दनेजर ईद के त्योहार से एक दिन पहले, इससे लगे द्वारका जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 100 से अधिक नाके स्थापित किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में गतिविधियों पर करीबी नजर रखने के लिए प्रमुख चौराहों एवं इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा तैयारी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

12 गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में

अधिकारी ने कहा कि हमने तैनाती की विस्तृत योजना बनाई है और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं। पुलिस के अनुसार, हस्तसाल गांव, जहां हिंसक घटना हुई थी, और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, साथ ही रणनीतिक स्थानों पर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों (सीएपीएफ) की संयुक्त तैनाती की गई है। होली के दिन चार मार्च को जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल होने के बाद तरुण (26) की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह झगड़ा उस वक्त शुरू हुआ जब एक परिवार की लड़की द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा गलती से दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया। इस घटना के बाद कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिस दौरान आरोपियों की दो गाड़ियों में आग लगा दी गई। पुलिस ने मामले में अब तक दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मस्जिदों, ईदगाहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों, जहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की संभावना है, के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वाहनों की जांच सहित नियमित रूप से गश्त की जा रही है।

संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

पुलिस ने बताया कि भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने और उस पर अंकुश लगाने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी भी तेज कर दी गई है तथा कई आपत्तिजनक पोस्ट का पता लगा कर कार्रवाई की गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। जागरूकता अभियान के तहत, कई इलाकों में फ्लैग मार्च किए गए हैं और ईद के दौरान भी निवासियों में विश्वास जगाने के लिए मार्च जारी रहेंगे।

यह भी पढे़: कड़ी सुरक्षा एवं पुष्प वर्षा के बीच निकली 166 साल पुरानी राम बारात

उत्तम नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी से कुछ हद तक स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव अब भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि काफी संख्या में अवरोधक लगाये गए हैं और आवाजाही कम हो गई है। लोग अब भी चिंतित हैं, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि हालात शांतिपूर्ण बने रहेंगे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button