तेलंगाना में साइबर अपराधियों की भी खोली जाएगी हिस्ट्री शीट

हैदराबाद, तेलंगाना पुलिस ने साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठा रही है। इसके तहत तेलंगाना पुलिस ने बार-बार साइबर ठगी को अंजाम देने वाले पेशेवर साइबर ठगों की हिस्ट्री और सस्पेक्ट शीट तैयार करने का निर्णय लिया है। इस प्रकार का निर्णय पहली बार लिया गया है।

इस संदर्भ में तेलंगाना पुलिस महानिदेशक डॉ. जितेन्द्र ने साइबर अपराध की घटनाओं से निपटने वाले सभी सहायक पुलिस आयुक्तों और पुलिस थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए मेमो जारी किया। यहाँ जारी मेमो के अनुसार, पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों को ऐसे पेशेवर साइबर अपराधी जो बार-बार साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, उनकी सस्पेक्ट और हिस्ट्री शीट खोलने व उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि अन्य अपराधियों के खिलाफ सस्पेक्ट, हिस्ट्री और राउडी शीट खोली जाती है, इसी तर्ज पर साइबर ठगों की भी हिस्ट्री शीट खोलकर उन पर नकेल कसी जाएगी। अन्य अपराधियों के खिलाफ जिस प्रकार से राउड़ी शीट व अन्य शीट खोलकर उनके बार-बार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने पर उनके खिलाफ पीडी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जाते हैं, ठीक उसी प्रकार से साइबर ठगों के खिलाफ भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनके खिलाफ पीडी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जाएँगे।

यह भी पढ़ें… पहलगाम आतंकी हमलों को लेकर साइबर ठगी

साइबर ठगों के खिलाफ तेलंगाना पुलिस की कड़ी कार्रवाई

डॉ. जितेन्द्र ने सभी पुलिस अधिकारियों से साइबर ठगों का विवरण दर्ज करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए और उन्हें बताया कि तेजी से बढ़ रही साइबर अपराध की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इन पर अंकुश लगाने और साइबर ठगों पर नकेल कसने के लिए ही यह कार्य किया जा रहा है। साइबर अपराध यूनिट के अलावा सभी पुलिस थानों में साइबर ठगों की हिस्ट्री शीट खोलकर इसे निरंतर संचालित करते हुए पेशेवर साइबर ठगों के खिलाफ पीडी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जाएँगे।

इस संदर्भ में साइबर अपराध पुलिस विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त आर.जी. शिवा मारुति ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश के अनुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और सभी पुलिस अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अगस्त माह तक एनसीआरपी के जरिए 338 शिकायतें प्राप्त हुई, जिस संदर्भ में 233 एफआईआर साइबर अपराध पुलिस थाना, हैदराबाद में दर्ज किए गए, वहीं 90 एफआईआर जोनल साइबर सेल में दर्ज किए गए।

साइबर पुलिस थाने के तहत अगस्त माह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 61 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं पिछले माह साइबर ठगी के पीड़ितों को 1.01 करोड़ रुपये लौटाए गए, जिसमें से 13 मामले ट्रेडिंग फ्रॉड, 12 मामले इनवेस्टमेंट फ्रॉड, 11 मामले सोशल मीडिया, 8 मामले इंश्यूरेंस फ्रॉड, 3 मामले डिजिटल अरेस्ट, एक मामला सोशल मीडिया टिपलाइन, तीन मामले अनाधिकृत ट्रांजैक्शन और एक-एक मामला ओटीपी व लोन फ्रॉड तथा पाँच मामले कॉपीराइट एक्ट के रहे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button