कोझिकोड में भीषण आग से कपड़ा शोरूम जलकर खाक, करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान

कोझिकोड, कोझिकोड रेलवे स्टेशन के पास कपड़ों के एक शोरूम में भीषण आग लगने से 50 करोड़ रुपये का माल जलकर खाक हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ‘जयलक्ष्मी सिल्क्स’ शोरूम में मंगलवार शाम को आग लगी जिस पर दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया।

प्रतिष्ठान द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आग से लगभग 50 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। शोरूम के मालिक गोविंद कामत ने कहा कि यह नुकसान 2023 में लगी आग से हुए नुकसान की तुलना में तीन गुना अधिक है। इससे पहले एक अप्रैल, 2023 को इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लगी थी।

गोविंद कामत ने बताया, ‘उस समय केवल एक मंजिल को नुकसान पहुंचा था। इस बार दो मंजिलें प्रभावित हुई हैं।’ कामत ने बताया कि इस बार आग उस कमरे से शुरू हुई जहां अतिरिक्त माल रखा गया था। उन्होंने कहा, ‘जब तक कर्मचारियों ने उस कमरे से धुआं निकलते देखा तब तक आग फैल चुकी थी और उस पर नियंत्रण नहीं किया जा सका।’

कामत ने शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगन का संदेह जताया है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि तीन मंजिला इमारत में शाम करीब छह बजे आग लगी और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग का पता चलते ही भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button