हैदराबाद : बाबा गंगाराम त्रिशक्ति महोत्सव, सैंड आर्ट ने मोहा मन

हैदराबाद, बाबा गंगाराम सेवा समिति हैदराबाद द्वारा झुंझुनू के विष्णु अवतारी श्री बाबा गंगाराम जी का त्रिशक्ति महोत्सव भव्यता से आयोजित किया गया। इसमें भजनों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट नीतीश भारती द्वारा रेती पर श्री बाबा गंगाराम जी की लीलाओं के प्रदर्शन ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। श्रद्धालु भाव विभोर हो गये और बाबा के नाम के जयकारे लगाकर कला और कलाकार की सराहना की।

सिकंदराबाद स्थित हरियाणा भवन में बाबा गंगाराम सेवा समिति हैदराबाद द्वारा आयोजित झुंझुनू के विष्णु अवतारी श्री बाबा गंगाराम जी के त्रिशक्ति महोत्सव हेतु अलौकिक पंचदेव दरबार सजाया गया जिसके दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तिलक एवं बाबा गंगाराम की मौली से भक्तों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विशेष तौर पर आमंत्रित कलाकार कोलकाता के केशव मधुकर एवं नगर के घनश्याम शर्मा ने अपनी मधुर वाणी में भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बनाया।

कार्यक्रम में बाबा गंगाराम की कहानी, सैंड आर्ट की जुबानी के तहत विश्व विख्यात सैंड आर्टिस्ट एवं कहानीकार इंडिया गॉट टेलेंट प्रतिभागी नीतीश भारती ने अपने हाथों की जादुई कला से विशाल क्रीन पर बाबा की पूरी लीलाओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छप्पन भोग एवं महाआरती का सभी ने लाभ लिया। कार्यक्रम में उपस्थित हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कलाकार नीतीश भारती की सराहना करते हुए कहा कि आज के आधुनिक युग में इस प्रकार की कला से आध्यात्मिकता को बल मिलता है और यह बहुत ही सशक्त माध्यम है। व्यक्ति को आध्यात्मिक एवं प्रकृति दोनों से ही जुड़े रहना चाहिए, तभी जीवन साकार होता है।

यह भी पढ़ें… मेडारम जातरा में लापता बच्चों को ट्रैक करने के लिए लगाये जाएँगे रिस्ट बैंड

देवीकनंदनजी द्वारा निर्मित मंदिर को हुए 50 वर्ष पूर्ण

अवसर पर समिति के हरिनारायण व्यास ने कहा कि झुंझुनू के विष्णु अवतारी श्री बाबा गंगाराम जी का भव्य मंदिर बहुत ही चमत्कारी है जिसका निर्माण परम भक्त पूज्य देवीकनंदनजी ने करवाया। वह एक जागृत स्थान है जहां आज भी उनकी पीढी सेवा प्रदान कर रही है। बाबा के दर्शन से सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। जो बाबा के दरबार में आता है, उसके जीवन के सारे कष्टों का निराकरण होता है। उन्होंने बताया कि मंदिर का निर्माण 1975 में किया गया। आज इसे पचास वर्ष पूर्ण हुए हैं।

भक्त बाबा के अलौकिक दर्शन व कृपा प्राप्त करने दूर-दूर से आते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आये भव्यता से स्वागत करते हुए कहा कि हैदराबाद में पहली बार कलाकार नीतीश ने अपनी अनुपम कला से बाबा गंगाराम जी की लीलाओं को जीवंत कर दिया। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा साल में तीन कार्यक्रम भव्यता से आयोजित किये जाते हैं जिनके माध्यम से बाबा की कृपा सभी पर बरसती है।

अवसर पर समिति के सदस्यों ने पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, कलाकार नीतीश भारती, भजन गायक केशव मधुकर, घनश्याम शर्मा व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में समिति के ए.के. केजरीवाल, हरिनारायण व्यास, केशव शर्मा, वाई.एस. श्रीनिवास राव, श्याम गोयनका, पवन डिडवानिया, संजय जालान, वरुण सराफ, गौरव अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित मोदी, शरद संघवी, विनोद अग्रवाल, दीनबंधु अग्रवाल, अंकुर मोदी, संतोष टाटिया, पवन गोयल, विकास गोयल, उमेश अग्रवाल, बाबू विश्वकर्मा, मनीष तालुका, वी. प्रणव कुमार, कमलाकर येल्लापंतुला व अन्य ने सहयोग प्रदान किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button