हैदराबाद ज़िला बास्केटबाल चैम्पियनशिप : कीस्टोन व सेंट फ्रांसिस की टीमें बनीं चैम्पियन
हैदराबाद, कीस्टोन बास्केटबाल अकादमी की पुरुष टीम तथा सेंट फ्रांसिस कॉलेज की महिला टीम हैदराबाद ज़िला वार्षिक बास्केटबाल लीग चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले जीतकर चैम्पियन बनी। यहाँ वाईएमसीए बास्केटबाल मैदान पर हुए महिला विभाग के फाइनल में सेंट फ्रांसिस कॉलेज ने निजाम बास्केटबाल अकादमी को 57-55 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

वहीं पुरुष विभाग में कीस्टोन बास्केटबाल अकादमी की युवा टीम टाइटन्स को 75-66 से मात देकर चैम्पियन बनी। महिला विभाग के फाइनल में सेंट फ्रांसिस की टीम हॉफ टाइम तक चार अंकों से पिछड़ने के बावजूद जबर्दस्त वापसी करते हुए तीन अंकों के अंतर से मैच ले उड़ी। हॉफ टाइम के पश्चात दोनों ही टीमें ज्यादातर समय बराबर पर चल रही थी। अंतत सेंट फ्रांसिस की लड़कियों ने अपनी ऊँचाई का फायदा उठाते हुए डी के बाहर से बास्केट कर मैच अपने वश में कर लिया।
कीस्टोन पुरुष टीम ने टाइटन्स को 75-66 से मात दी
फ्रांसिस की ओर से परी ने 17, समहिता ने 14, सानिया ने 11, हिबा ने 6, रेखा ने 5 बास्केट किए। निजाम बास्केटबाल अकादमी की ओर से अमिता ने 16, जाह्नवी ने 14, श्रुति ने 10, लास्या ने 9 तथा खुशबू ने 6 बास्केट डाले। पुरुष विभाग के फाइनल मैच में कीस्टोन की टीम ने टाइटन्स को 9 अंकों के अंतर से हराया। हालाँकि मैच के प्रथम क्वार्टर में टाइटन्स के छोटे कद के खिलाड़ियों ने टाइटन्स के ऊँचे खिलाड़ियों को चकमे देते हुए 12-13 से बढ़त बना ली थी, लेकिन कीस्टोन के खिलाड़ियों ने रणनीति बदलते हुए लगातार चार थ्री प्वाइंटर शूटिंग कर 12 अंक अर्जित कर 22-20 से बढ़त बना ली। इसके पश्चात कीस्टोन के खिलाड़ियों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। समय-समय पर अंक बटोरते हुए मैच अपने वश में कर लिया।
यह भी पढ़ें… श्रीलंका के खिलाफ टी20 के लिए कमालिनी और वैष्णवी भारतीय महिला टीम में नए चेहरे
कीस्टोन की ओर से साहस ने 21, सुभाष ने 17, प्रीतम ने 10, कृष ने 8, आर्यन ने 8 बास्केट किए। टाइटन्स की ओर से सलमान ने 16, नंदित ने 12, सूर्या ने 11, कृष ने 11 तथा विक्की ने 10 बास्केट डाले। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कंटोनमेंट के विधायक नारायणन श्रीगणेश ने विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। अवसर पर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एडमराज देकापति, कांग्रेस नेता के.वी. प्रसाद, पूर्व भारतीय बास्केटबाल टीम के कप्तान मो. रिजवान, हैदराबाद ज़िला बास्केटबाल संघ के महासचिव नार्मन आईजैक एवं अन्य खेल से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
(सी. सुधाकर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



