हैदराबाद : नशे में धुत चालक ने मचाया हंगामा
हैदराबाद, नगर के आईटी कॉरिडोर क्षेत्र गच्चीबावली में एक लग्ज़री कार चालक की लापरवाही ने सनसनी फैला दी। शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चला रहे युवक ने पहले एक वाहन को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद रोकने की कोशिश कर रहे ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को कार के बोनट पर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस घटना में कॉन्स्टेबल घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार अत्यधिक गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जी. तरुण के रूप में हुई। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। घटना के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इसके बाद उसे संगारेड्डी कंदी जेल स्थानांतरित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें… संगारेड्डी एनएच-65 पर भीषण सड़क हादसा, 20 घायल
सोशल मीडिया में घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए, जिनमें आरोपी की लापरवाही स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। अधिकारियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा और इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



