हैदराबाद : व्यायाम के दौरान इंजीनियर की मौत
हैदराबाद, जुबली हिल्स थाना परिधि में जिम में व्यायाम करने के दौरान एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तेज दिल का दौरा पड़ने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मूलत खम्मम निवासी नागंड्ला अनिल चौधरी (36) हैदराबाद की एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसे रोज शाम के समय व्यायाम करने की आदत थी। रोज की भाँति कल शाम वह जुबली हिल्स रोड नं. 36 स्थित एसीबो जिम जाकर व्यायाम कर रहा था।
व्यायाम करने के बाद वह बाथरूम गया और अचानक वहीं बेहोश होकर गिर गया। जिम के कर्मचारियों ने उसे सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार की अन्य घटना में सुल्तान बाजार थाना परिधि में मंदिर परिसर में अचानक दिल का दौरा पड़ने के कारण व्यापारी की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें… ओआरआर पर कार में मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव
पुलिस ने बताया कि मूलत राजस्थान निवासी भरत राम (43) 15 वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया था। तोलाराम बिल्डिंग अफजलगंज में रहते हुए वह सेलफोन एक्सेसरीज का व्यापार कर रहा था। कल होली पर्व के दौरान वह इसामियाँ बाजार स्थित राजेश्वर मंदिर गया हुआ था। वह दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात करने के बाद वॉशरूम गया और अपने दोस्त नारायण से बातचीत करते हुए अचानक गिरकर बेहोश हो गया। उसे कामिनेनी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसका परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अचानक तेज दिल का दौरा पड़ने से भरत की मौत हो गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



