हैदराबाद : नुमाइश में बढ़ा दर्शकों का आकर्षण
हैदराबाद, बीते कुछ वर्षों में ऑनलाइन शॉपिंग से जुड़े मंचों की बाढ़ सी आ गयी है। ऐसे में लगने लगा था कि व्यक्तिगत रूप से खरीददारी से आनंदित होने के ज़माने बहुत जल्द लद जाएँगे, लेकिन हैदराबाद की नुमाइश देखकर ऐसा लगता है कि यह कहना अभी बहुत जल्दी होगा। बीते दस दिन की प्रारंभिक रिपोर्ट देखें, तो पता चलता है कि नुमाइश आने वालों में लगभग दस प्रतिशत वृद्धि हुई है। खास बात यह है कि नुमाइश से बहर निकलते हुए लगभग हर दूसरे व्यक्ति के हाथों में सामान के बैग देखे जा सकते हैं।





अखिल भारतीय प्रदर्शनी समिति द्वारा संचालित नुमाइश का यह 85वाँ वर्ष है। हर साल इसमें दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। समिति के मानद सचिव बी.एन. राजेश्वर ने मिलाप को बताया कि बीते दस दिनों में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1 लाख दर्शक अधिक होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि हर दिन 45 से 50 हज़ार लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं।
इसमें खरीददारों की संख्या भी काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि वर्ष के अंत में जब व्यापार से संबंधित रिपोर्ट्स आ रही थीं, तो ऐसा लग रहा था कि प्रत्यक्ष खरीददारी की परंपरा कम होती जा रही है, लेकिन नुमाइश देखकर ऐसा लगता है कि लोग सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी गतिविधियों में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेने को अब भी प्राथमिकता दे रहे हैं। नुमाइश के आयोजन में नयी चुनौतियों से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में मानद सचिव राजेश्वर ने बताया कि दस पंद्रह साल पहले तक अधिकतर लोग दुपहिया वाहनों पर आते थे और नुमाइश के आस-पास पहले से चली आ रही परंपरा के अनुसार दुपहिया वाहनों और कुछ कारों की पार्किंग के लिए जगह पर्याप्त हुआ करती थी।
एआई आधारित 360 डिग्री फिल्म स्टॉल बना नुमाइश का मुख्य आकर्षण
इसके बाद जैसे ही कारों का सिलसिला बढ़ने लगा, जगह तंग होने लगी, लेकिन फिर मेट्रो रेल ने एक नया विकल्प पेश किया। हाल ही में मेट्रो रेल द्वारा अपना पार्किंग स्थल खोला जाना गांधी भवन प्रवेश द्वार से जाने वालों के लिए काफी लाभदायक हो गया। मेट्रो रेल के कारण दूर दराज़ के स्थानों से सीधे नुमाइश पहुँचना आसान हो गया है। नुमाइश समाप्त होने के कुछ देर बाद तक मेट्रो की सेवाएँ मौजूद हैं।

नुमाइश में नये पन के बारे में पूछे जाने पर राजेश्वर ने बताया कि यूँ तो पूरे देश के विभिन्न राज्यों से लोग नवीन उत्पादों के साथ अपने स्टॉल स्थापित करते हैं, लेकिन अम्यूजमेंट एवं मनोरंजन सुविधाओं में कुछ नये झूले जोड़े गये हैं। साथ ही एआई आधारित 360 डिग्री फिल्म का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। यहाँ बच्चों से लेकर वृद्धों तक को दुनिया की अनोखी सैर करवायी जा रही है। लोगों की क्रय शक्ति में वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नुमाइश में सस्ती से सस्ती और महंगी से महंगी चीज़ खरीदी जाती है। नीलोफर की चाय के लिए भीड़ से अनुमान लगाया जा सकता है कि लोगों की क्रय शक्ति बढ़ गयी है। लोग नयी और पसंदीदा चीज़ों के लिए जेब खोलने के तैयार हैं।
यह भी पढ़ें… शहर से जीएचएमसी ने उठाए 52 लावारिस वाहन, 11 दिनों में 3,945 मीट्रिक टन अतिरिक्त कचरा साफ
नुमाइश में सफाई, शौचालय और पार्किंग व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
बीते दस दिन के अनुभवों के बारे में मानद सचिव ने कहा कि समिति ने पिछले अनुभवों के ध्यान में रखते हुए सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया है। शौचालय की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। हर दिन नुमाइश की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नुमाइश के बाहर पार्किंग सुविधाओं के पास सफाई से संबंधित मिली शिकायतों के बारे में संबंधित प्राधिकरणों को सूचित किया गया है।
खास बात यह है कि लगभग 33 समितियाँ बनायी गयी हैं, जो अलग अलग टास्क संभाले हुए हैं। एआई समर्थित 360 डिग्री फिल्म प्रदर्शन के बारे में सैमैक्स वर्चुअल रियॉलटी के संचालक शंकर गौरी ने बताया कि भारत में उन्होंने ही पहली बार यह सुविधा शुरू की। नुमाइश में लगभग 20 फिल्मों का कलेक्शन मौजूद है, जिन्हें बच्चों से लेकर वृद्धों तक पसंद कर रहे हैं। इसमें आध्यात्मिक, मनोरंजक, हॉरर सहित विभिन्न प्रकार की फिल्में मौजूद हैं।
एम्यूजमेंट सुविधाओं के संचालक एवं पार्षद जाकिर बाकरी ने बताया कि इस वर्ष 5 नई सुविधाएँ पेश की गयी हैं, जिनमें स्पीड विंड मिल फ्लाइंग चेयर है। उन्होंने बताया कि नई सुविधाओं को मनोरंजन प्रेमियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि कई सरकारी सेवाओं से संबंधित स्टॉल नुमाइश में मौजूद हैं। यह अपनी तरह का अकेला आयोजन है, जहाँ कई सरकारी विभागों के लिए एक जगह स्टॉल स्थापित किये जाते हैं। चाहे वह पुलिस और जेल का स्टॉल हो या महिला कल्याण तथा अन्य विभाग, दर्शक उनके बारे में जानकारी इकट्ठा कर सकते हैं। खानपान के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। (एफ एम सलीम)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



