हैदराबाद : चार साल बाद सेलफोन के कारण पकड़ा गया धोखेबाज
हैदराबाद, जुबली हिल्स पुलिस ने एक विवाहिता के साथ धोखाधड़ी कर उसके पास से लगभग एक करोड़ रुपये लूटने वाले शातिर धोखेबाज को चार वर्ष बाद सेलफोन के आधार पर गिरफ्तार किया। धोखेबाज फरार होकर अपना सेलफोन बंद कर दिया था और चार वर्ष बाद जैसे ही उसने अपना सेलफोन जारी किया, पुलिस ने उसकी लोकेशन तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। धोखेबाज की पहचान मूसारामबाग निवासी नितिन दाहिमा उर्फ सूरज शर्मा (30) के रूप में की गई, जो किंगकोठी स्थित एक मोबाइल शॉप में काम करता था।
जुबली हिल्स पुलिस ने बताया कि वर्ष 2019 के दौरान फेसबुक के जरिए उसका जुबली हिल्स में रहने वाली 36 वर्षीय विवाहिता से परिचय हुआ और उसने अपना नाम विवाहिता को सूरज शर्मा बताया। उसने विवाहिता को बताया कि देशभर में उसकी कई सॉफ्टवेयर कंपनियाँ है और उसके पास कुछ दैवीय शक्तियाँ भी है, जिसके जरिए वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पारिवारिक कलह आदि को दूर कर सकता है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : पालतू बिल्ली का मामला थाने पहुँचा
अविवाहित बताकर सहजीवन का जाल
इस प्रकार सूरज शर्मा ने विवाहिता को अपने जाल में फँसा लिया और उससे कहा कि वह उसके जीवन को सुधार देगा। उसे अपने बातों के जाल में फँसाकर सूरज शर्मा ने उसके साथ सहजीवन किया और इस दौरान उसने झूठ कहा कि वह अविवाहित है। कोरोना काल के समय व्यापार में नुकसान होने का हवाला देकर उसने विवाहिता के पास से नकद और 80 लाख रुपये के सोने के आभूषण लिए। उसने 6 माह के भीतर आभूषण और नकदी लौटाने का आश्वासन दिया।
नकदी और आभूषण लौटाने के लिए विवाहिता के दबाव डालने पर नवंबर-2022 के दौरान सूरज शर्मा अपना सेलफोन बंद कर फरार हो गया था। पीड़िता की शिकायत पर जुबली हिल्स पुलिस ने मामला दर्ज कर सूरज शर्मा के सेलफोन नंबर को ट्रैकिंग पर डाल दिया था। इधर फरार होकर सूरज शर्मा विभिन्न राज्यों में घूम-फिर रहा था। हाल ही में वह मूसारामबाग स्थित अपने घर लौट आया और उसने अपना पुराना सेलफोन चालू किया। उसके सेलफोन के चालू करते ही पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक कर ली और उसे कल गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



