हैदराबाद : सरकारी अधिकारियों से पैसे वसूलने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्य करने का हवाला देकर सरकारी अधिकारियों को डरा-धमकाकर पैसा वसूलने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक रायबंडी सूर्यप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। राजन्ना सिरसिल्ला ज़िला, वेमुलवाड़ा के सहायक पुलिस अधीक्षक रित्विक साई ने सूर्यप्रकाश को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रंगारेड्डी ज़िला, हयातनगर मंडल, कुंटलूर निवासी रायबंडी सूर्यप्रकाश एक निजी कार्यालय में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत था। उसे घोड़ों की दौड़ पर जुआ खेलने की लत पड़ गई थी।
जुआ खेलने के लिए पैसे पर्याप्त न होने पर उसने हयातनगर थाना परिधि से तीन मोटरसाइकिलें चुराई थीं। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जेल से बाहर आने के बाद उसने कुछ सरकारी अधिकारियों के फोन नंबर हासिल कर लिए और इसके बाद इन सरकारी अधिकारियों को फोन कर डरा-धमका रहा था। वह अपने आपको मुख्यमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताते हुए सरकारी अधिकारियों से पैसा वसूल रहा था और वसूला गया पैसा घोड़ों की दौड़ पर उड़ा रहा था। उसने मिडमानेरु प्रॉजेक्ट के तहत ड्यूटी कर रहे उप-अभियंता रघुपति को फोन कर 20 हजार रुपये की माँग की। उसने स्थानीय बोइनपल्ली पुलिस में इस घटना की शिकायत की।
यह भी पढ़ें… सोना खरीदने का झांसा देकर गोल्ड बिस्कुट लेकर भागने वाला अरेस्ट
थाने के सब-इंस्पेक्टर रमाकांत ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जाँच-पड़ताल प्रारंभ की। रमाकांत ने शिकायतकर्ता रघुपति के जरिए पैसे लेने के लिए सूर्यप्रकाश को कोदुरुपाका के पास बुलाया। पैसे लेने के लिए आए सूर्यप्रकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सीसीएस हैदराबाद में दो मामले, सिद्दिपेट में दो मामले और सनतनगर व जग्तियाल में एक-एक मामला दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ हयातनगर पुलिस थाने में राउडी शीट भी संचालित है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



