हैदराबाद : पत्नी की हत्या कर व्यक्ति ने किया हादसे का नाटक
बेटियों के संदेह के चलते हुआ खुलासा
हैदराबाद, मल्काजगिरी के हयातनगर थाना परिधि में एक व्यक्ति ने घरेलू झगड़ों के चलते अपनी पत्नी की हथौड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद स्टैण्ड से गिरने के कारण मौत हो जाने का नाटक किया। लेकिन उसकी दोनों लड़कियों के संदेह के चलते हत्या का खुलासा हुआ।
हयातनगर पुलिस इंस्पेक्टर नागराजू गौड़ के अनुसार, विनायकनगर कॉलोनी, पसमामला ग्राम, अब्दुल्लापुरमेट निवासी पनसा आंजनेयुलू का 25 वर्ष पूर्व पनसा उमा रानी (41) से विवाह हुआ था। विवाह के बाद उमा रानी ने पनसा श्रुति (23) और पनसा निखिता (21) को जन्म दिया। दोनों लड़कियाँ कॉलेज की पढ़ाई कर रही हैं। हाल ही में आंजनेयुलू ने विनायकनगर में दो मंजिला मकान बनाया और अपने परिवार के साथ रहने लगा। कुछ दिन से आंजनेयुलू हर छोटी बात पर उमा रानी से झगड़ा कर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
12 मार्च की रात 10.30 बजे भोजन करने के बाद उमा रानी ने अपनी दो लड़कियों को दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह विशेष पूजा करने की बात कहकर सुबह जल्दी उठने के लिए कहा। इसके बाद उमा रानी भी अपनी दोनों लड़कियों के बेडरूम में जाकर सो गई। दूसरे दिन सुबह 6.30 बजे उमा रानी घर की साफ-सफाई करने के बाद निचले माले पर स्थित अपने पति के कार्यालय की साफ-सफाई कर रही थी। इस दौरान आंजनेयुलू कार्यालय में ही था। किसी बात को लेकर आंजनेयुलू ने उमा रानी से झगड़ा किया और उसकी हत्या करने के उद्देश्य से कार्यालय में पड़ी हथौड़ी उठाकर उमा रानी के सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार कर दिया।
बीएनएस की धाराओं के तहत आरोपी को हिरासत में लिया गया
एक ही वार में उमा रानी का सिर फट गया और आंजनेयुलू हत्या को हादसे का रूप देने के लिए उमा रानी को उठाकर बाथरूम के पास रखी स्टैण्ड रूपी सीढ़ी के पास डाल दिया। इसके बाद उसने अपने दोनों लड़कियों को बुलाकर उनसे कहा कि साफ-सफाई के दौरान उमा रानी सीढ़ी से गिरकर घायल हो गई। इसके बाद दोनों लड़कियाँ पड़ोस में रहने वाले अशोक के सहयोग से घायल उमा रानी को नजदीकी अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन जान-बूझकर आंजनेयुलू उसे मलकपेट यशोदा अस्पताल ले गया।
यह भी पढे़: पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या की
पसमामला ग्राम से मलकपेट यशोदा अस्पताल पहुँचने के दौरान बीच मार्ग में ही उमा रानी की मौत हो गई। लड़कियों के नजदीकी अस्पताल ले जाने के लिए जोर देने के बावजूद भी उमा रानी को दूर के अस्पताल ले जाने पर उन्हें शक हो गया। इस कारण पनसा श्रुति ने उमा रानी की मौत के लिए अपने पिता को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने आंजनेयुलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तब उसने उमा रानी की हत्या करने का अपराध स्वीकार लिया। पुलिस आंजनेयुलू के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) और 238 के तहत मामले दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





