हैदराबाद : नवजात शिशु को 1.7 लाख में बेच दिया
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मेदक ज़िले के हवेलीघनपुर मंडल के लिंगासानीपल्ली तांडा में एक आदिवासी दंपत्ति ने 10 दिन के नवजात शिशु को कामारेड्डी के निसंतान दंपत्ति को 1.7 लाख रुपये में बेच दिया। देर से प्रकाश में आई इस घटना में प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिजन महिला ने कुछ दिन पूर्व एक नवजात शिशु को जन्म दिया था और आँगनवाड़ी केंद्र से वह रोज अंडे और पोषक पदार्थ लेकर आती थी।
पिछले एक सप्ताह से आदिवासी महिला के आँगनवाड़ी केंद्र न आने पर आशा वर्कर उसकी खोजखबर लेने के लिए उसके घर गई, जहाँ घर पर ताला लगा हुआ था। आस-पास पूछताछ करने पर पता चला कि कुछ दिन पूर्व आदिवासी दंपत्ति अपना घर खाली कर पड़ोस के गाँव चले गए। आशा वर्कर ने इस घटना की आईसीडीएस अधिकारियों को जानकारी दी।
यह भी पढ़ें… जेड़चर्ला : लिफ्ट देकर युवती से सामूहिक बलात्कार
अधिकारियों ने जाँच-पड़ताल कर आदिवासी दंपत्ति का पता लगाया और उनके घर जाकर पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों ने आर्थिक तंगी के कारण अपने 10 दिन के नवजात शिशु को 1.7 लाख रुपये में कामारेड्डी के निसंतान दंपत्ति को बेच दिया। आईसीडीएस अधिकारियों की शिकायत पर हवेली घनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आदिवासी दंपत्ति को हिरासत में ले लिया और इनके पास से नवजात शिशु को खरीदने वाले निसंतान दंपत्ति की तलाश की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



