हैदराबाद : पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमले का प्रयास
हैदराबाद, शहर के चादरघाट इलाके में पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी फरार हैं। गत 23 मार्च को शाम करीब 4:50 बजे मोहम्मद अरबाज अपने साथी के साथ स्कूटी पर बिस्मिल्लाह मोबाइल शॉप पर काम करने वाले मोहम्मद गौस के पास आया।
पुरानी रंजिश के चलते गौस से बहस करने वाले आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उस पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित ने होशियारी से काम लिया और मौके से भाग निकला, जिससे हादसा टल गया। हमले के दौरान उन्होंने दुकान में सामान तोड़ दिया और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ब्लैकमेल के चलते युवक ने की खुदकुशी
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य अभी भी फरार
पीड़ित की शिकायत के आधार पर चादरघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। इस मामले में मोहम्मद अरबाज (23) और जावेद खान उर्फ जादो (30) को गिरफ्तार किया गया है। मोहम्मद गफ्फार, मोहम्मद सलमान और इम्मू उर्फ इमरान अभी भी फरार हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। सब-इंस्पेक्टर बी. येल्ला कृष्णा मामले की जाँच कर रहे हैं। चादरघाट पुलिस इंस्पेक्टर के.बी. मुरारी जाँच की निगरानी कर रहे हैं। मलकपेट डिवीजन के एसीपी के. सुब्बारामी रेड्डी इसकी निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य घटना में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने दूसरे युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। यह घटना मैलारदेवपल्ली थाना परिधि में प्रकाश में आई। पुलिस के अनुसार साजिश के तहत कल रात 2 बजे पुलिस थाना परिधि के वाम्बे कॉलोनी में अंबेडकर मूर्ति के पास विवेक ने रघुपति को बुलाया और उसकी गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। रघुपति को बहुत ज्यादा खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा।
खून से लथपथ रघुपति को स्थानीय लोग तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इससे पहले दोनों के साथ शराब पीते समय मामूली कहासुनी हुई थी। गुस्से में आए विवेक ने रघुपति पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने इस बारे में मामला दर्ज कर लिया है और जाँच कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



