हैदराबाद : पुलिस की गिरफ्त में तीन शातिर चोर
हैदराबाद, चारमीनार ज़ोन की टास्क फोर्स पुलिस ने कीसरा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। तीनों शातिर चोर रात के समय घरों में चोरी करने के अलावा दिन के समय दुपहिया वाहन चुरा रहे थे।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर टास्क फोर्स इंस्पेक्टर सैदा बाबू के नेतृत्व में तीन शातिर चोरों को गिरफ़्तार किया गया। गिरफ़्तार चोरों की पहचान केसीआर नगर, अंबरपेट निवासी मुनितानी अमर राज कुमार रेड्डी उर्फ डॉल उर्फ अमर राज कुमार रेड्डी (28), शाहीननगर न्यू बाबा नगर निवासी एवं पेशे से व्यापारी अब्दुल लतीफ खान उर्फ सलमान उर्फ गुज्जा (32) और फॉल सीलिंग कर्मी मोहम्मद नगर, बंड्लागुड़ा निवासी गुलाम हुसैन खान उर्फ रेहान खान उर्फ रब्बानी (32) के रूप में की गई। इनके पास से चोरी की संपत्ति खरीदने वाले उप्पुगुड़ा निवासी पेशे से स्वर्णकार गोपालपुरम प्रणीत चारी उर्फ लड्डू (24) को भी हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें… सिद्दिपेट : बस-लॉरी टक्कर में छह घायल
13 लाख की संपत्ति, सोना-चांदी और बाइक बरामद
इन तीनों चोरों की गत 3 फरवरी को उप्पल और 5 फरवरी को कीसरा थाना परिधि में हुई दो चोरी की घटनाओं में तलाश की जा रही थी। इसके पूर्व इनके खिलाफ अन्य कुछ चोरी के मामले भी दर्ज हैं। गिरफ्तार चोरों के पास से लगभग 13 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई, जिसमें 65 ग्राम सोने के आभूषण, 400 ग्राम चाँदी, तीन मोटरसाइकिलें और 7 सेलफोन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अमर राज कुमार रेड्डी के खिलाफ वर्ष 2010 से कुल 28 चोरी के मामले दर्ज हैं और उसे इसके पूर्व कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसके अलावा उसके खिलाफ मीरपेट पुलिस थाने में दो बार पीडी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए। पिछली बार चेवेल्ला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गत जनवरी माह में जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने दो साथियों अब्दुल लतीफ खान और रेहान खान के साथ मिलकर अपना गिरोह बनाकर तीन मोटरसाइकिलें चुराने के अलावा दो घरेलू चोरी को अंजाम दिया। चुराई गई संपत्ति वे प्रणीत चारी को बेचते थे। चारों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



