हैदराबाद : फटकार बनी मौत की वजह, दो छात्रों ने उठाया खौफनाक कदम
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र महबूबाबाद ज़िले में अलग-अलग घटनाओं में पढ़ाई को लेकर माता-पिता के फटकारने पर चौथी कक्षा के छात्र और इंटर की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महबूबाबाद ज़िले के गार्ला मंडल, पूसल तांडा निवासी रामा दासू व स्वप्ना दम्पत्ति का छोटा लड़का पवन (10) चौथी कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन से वह स्कूल न जाकर घर पर ही रह रहा था।
इस कारण गत 11 मार्च को उसके माता-पिता ने उसके स्कूल न जाने के कारण फटकार दिया। माता-पिता के काम पर जाने के बाद घर पर अकेले पवन ने कीटनाशक पी लिया था। उसे पहले ज़िले के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ उपचार के दौरान कल रात उसकी मौत हो गई।
एक अन्य घटना में इसी ज़िले के तोरुर थाना परिधि के अंतर्गत चीकटायापालेम ग्राम में इंटर की छात्रा ने माता-पिता के फटकारने पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि कोंडा कृष्णय्या की पुत्री अक्षया (17) इंटर की पढ़ाई पूर्ण कर एमसेट की तैयारी कर रही थी। लम्बे समय तक सेलफोन पर व्यस्त रहने के कारण कृष्णय्या ने उसे गत 18 मार्च को फटकार दिया था।
यह भी पढ़े : जग्तियाल : माँ-बेटे की कुछ घंटों के अंतराल में मौत से मातम
फटकारे जाने से क्षुब्ध अक्षया ने उसी दिन घर पर अकेले रहने के दौरान कीटनाशक पी लिया था। उसे तोरुर के साई मल्टी स्पेशालिटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ आज तड़के उसकी मौत हो गई। अक्षया की माँ कोंडा सरिता की शिकायत पर पुलिस बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





