हैदराबाद, तीन दिन पूर्व तैयार की गई बिरयानी के पैकेटों को डीप फ्रीजर में रख कर ऑर्डर मिलने पर ओवन में गरम कर सप्लाई करने वाले व्यापारी को बंजारा हिल्स पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बंजारा हिल्स रोड नं. 2 स्थित वेंकटरमणा कॉलोनी निवासी कोंडा रेड्डी ने रविवार को जोमाटो के जरिए चिकन बिरयानी का ऑर्डर दिया। जोमाटो के डेलिवरी बॉय ने बंजारा हिल्स रोड नं. 2 स्थित लक्की बिरयानी शावर्मा रेस्टोरेंट से बिरयानी का पैकेट लाकर कोंडा रेड्डी को दिया। बिरयानी का पैकेट खोलते ही उसमें दुर्गंध आने लगी और बिरयानी की जाँच करने पर वह सड़ी हुई पाई गई।
कोंडा रेड्डी ने तुरन्त इस घटना की बंजारा हिल्स पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल जाकर छानबीन की और होटल के डीप फ्रीजर बॉक्स में रखे गए 80 बिरयानी के पैकेट जब्त किए। जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि जेडिमेट्ला में होटल संचालित करने वाला इरफान बिरयानी तैयार कर इन्हें पैकेटों में भरकर ऑर्डर आने पर सप्लाई कर रहा था। इरफान ही लक्की बिरयानी शावर्मा को नियमित रूप से बिरयानी की सप्लाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : बालिकाओं को पोर्न वीडियो दिखाकर शोषण करने वाले को जेल
तीन से चार दिन पूर्व तैयार की गई बिरयानी को पैकेट बंद कर इसे डीप फ्रीजर में रखकर बेचा जा रहा था। पुलिस ने होटल सीज कर इरफान को हिरासत में ले लिया। होटल का माहौल भी काफी गंदा था और चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों पर झिंगूर और चूहे फिर रहे थे। इस कारण होटल सील कर दिया गया।
