हैदराबाद : एसबीआई ने ओयू को भेंट की तीन बसें

हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत उस्मानिया विश्वविद्यालय को 1 करोड़ रुपए मूल्य की तीन बसें भेंट की गयीं।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ओयू को प्रदान की गयी परिवहन सुविधा में एक प्रीमियम एसी बस और दो उच्च क्षमता वाली नॉन एसी बसें शामिल हैं। इन्हें विश्वविद्यालय के छात्रों की सुविधा और कैंपस के भीतर उनके सफर को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। इन वाहनों का औपचारिक हस्तांतरण यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज परिसर में आयोजित समारोह के दौरान हुआ।

समारोह के दौरान एसबीआई हैदराबाद सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक एस. राधाकृष्णन ने उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम को बसों की प्रतीकात्मक चाभियां सौंपीं। अवसर एस. राधाकृष्णन ने कहा कि यह केवल वाहनों का सहयोग नहीं है, बल्कि दो ऐतिहासिक संस्थाओं के बीच की अटूट साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एसबीआई अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सदैव सजग रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना बैंक की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि 219 साल पुराने बैंक तथा 109 साल पुराने इस गौरवशाली विश्वविद्यालय के बीच सहयोग गर्व का विषय है।

प्रो. कुमार मोलुगरम ने अवसर पर परिवहन सुविधा रूपी सहयोग के लिए एसबीआई के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि यह सिर्फ वाहनों का दान नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और उनके कल्याण में बड़ा निवेश है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय वित्तीय संस्थान तथा इस ऐतिहासिक विश्वविद्यालय के बीच साझेदारी दर्शाती है कि किस प्रकार साझा दृष्टिकोण संस्थागत विकास और छात्र सशक्तिकरण को गति दे सकते हैं।

युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बैंक का योगदान

एसबीआई के महाप्रबंधक (एनडब्ल्यू-2) सतीश कुमार ने अवसर पर कहा कि हमारा मानना है कि राष्ट्र का भविष्य उसके छात्रों में निहित है। हमारा बैंक दो शताब्दियों से अधिक की विरासत का प्रतीक है, लेकिन हमारा पूरा ध्यान युवा पीढ़ी की ऊर्जा और क्षमता पर केंद्रित है। इस योगदान के माध्यम से हमारा उद्देश्य उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्रों को संसाधन उपलब्ध कराते हुए भारत को नवाचार के नए युग में ले जाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

अवसर पर एसबीआई के डीजीएम एवं सीडीओ पंकज प्रियदर्शी, डीजीएम रोहित कुमार, आरएम कोंडा रवि शेखर, मुख्य प्रबंधक थांगी गणपति, ओयू के रजिस्ट्रार प्रो. जी. नरेश रेड्डी, वीसी ओएसडी प्रो. एस. जितेंद्र कुमार नाइक, इंफ्रास्ट्रक्चर निदेशक प्रो. राजशेखर रेड्डी, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज के प्राचार्य प्रो. सी. कासिम सहित दोनों संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button