हैदराबाद : नकली चाय पत्ती, सर्फ पाउडर और गुडनाइट रिफिल बेचने वाले धरे गए
हैदराबाद, हैदराबाद की सीसीएस पुलिस की क्राइम टीम ने अफजलगंज और गोशामहल पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत छापेमारी कर नकली चाय पत्ती, सर्फ पाउडर और गुडनाइट रिफिल बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में सीसीएस एसीपी जी. वेंकटेश्वर रेड्डी ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर सीसीएस इंस्पेक्टर डी. भिक्षपति ने अफजलगंज और गोशामहल थाना परिधि के अंतर्गत कल छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने जिन्सी चौराहा निवासी व मूलत राजस्थान के रहने वाले पेशे से व्यापारी जयराम (30), दूलापल्ली ग्राम, कुतबुल्लापुर निवासी व राजस्थान के रहने वाले कछावा सुरेन्द्र (34) और राजस्थान निवासी हनुमान राम (21) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी गोशामहल, अफजलगंज और बेगम बाजार थाना परिधि के मार्केट में गृहस्थी संबंधी सामग्री थोक और खुदरा मात्रा में बेच रहे थे। तीनों सोची-समझी साजिश के तहत गुजरात के कुछ वितरकों से डुप्लीकेट पैकेजिंग कवर और कम गुणवत्ता वाली सामग्री मंगवाकर इसे ब्रांडेड नाम से बेच रहे थे।
यह भी पढ़ें… खम्मम : फरार व मुख्य गांजा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा
विशेषकर तीनों रेड लेबल, ताजमहल चाय पत्ती के अलावा टाइड सर्फ पाउडर, एरियल सर्फ पाउडर, सर्फ एक्सल और गुडनाइट मस्किटो रिफिल डुप्लीकेट तैयार कर इसे ब्रांडेड बताते हुए बेच रहे थे। छापे के दौरान पुलिस ने डुप्लीकेट रेड लेबल चाय पत्ती के 1,340 पैकेट, ताज महल चाय पत्ती के 100 पैकेट, इसी प्रकार एरियल सर्फ, टाइड सर्फ, व्हील सर्फ, सर्फ एक्सल पाउडर आदि के भारी मात्रा में डुप्लीकेट पैकेट जब्त किए। इसके अलावा 15 किलो खुली चाय पत्ती के पाँच बैग जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



