हैदराबाद : चाय पत्ती में मिलावट का पर्दाफाश
हैदराबाद, पश्चिम जोन टास्कफोर्स पुलिस ने सनतनगर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत चाय की पत्ती में मिलावट का पर्दाफाश करते हुए आरोपी जगन्नाथ बिश्नोई (33) को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस इंस्पेक्टर सी.एच. यादेन्दर ने छापा मारकर फतेहनगर निवासी पेशे से व्यापारी जगन्नाथ बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लिए जगन्नाथ बिश्नोई चाय पत्ती में मिलावट कर बेच रहा था।
यह भी पढ़ें… एटीएम मशीन में भरने की नकदी ले भागने वाला चालक गिरफ्तार, 34.90 लाख रुपये जब्त
जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि वह 450 ग्राम निम्न गुणवत्ता वाली चाय पत्ती के डस्ट में 500 ग्राम निम्न गुणवत्ता वाली चाय पत्ती और 50 ग्राम कलर मिलाया हुआ नारियल के जूने का बूरा मिला रहा था। मिलावट करने के लिए वह बूरे में कलर के साथ गुड़ का पानी मिला रहा था।
इस मिलावटी मिश्रण को दो दिन तक सूखने के लिए छोड़ दिया जाता था। सूखने के बाद इसे चाय की पत्ती में मिलावट के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। छापे के दौरान पुलिस ने 120 किलो मिलावटी चाय पत्ती, 30 किलो असली चाय पत्ती, 138 किलो मिलावट की सामग्री, एक वजन तौलने की मशीन, 800 ग्राम सनसेट कलर, 700 ग्राम, टाट्राजेन कलर, एक डोमेस्टिक गैस सिलेंडर, 500 ग्राम गुड़ और 10 किलो कैरीबैग जब्त किया। जगन्नाथ बिश्नोई को गिरफ्तार करने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए सनतनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



