हैदराबाद विश्वविद्यालय व केरल राज्य उच्च शिक्षा परिषद में करार
हैदराबाद, अकादमिक और अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने के लिए हैदराबाद विश्वविद्यालय द्वारा केरल राज्य उच्च शिक्षा परिषद के साथ समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। केरल नेटवर्क फॉर रिसर्च सपोर्ट इन हायर एजुकेशन के माध्यम से हुए एमओयू को लेकर औपचारिक हस्ताक्षर समारोह तिरुवनंतपुरम में केरल सरकार की उच्च शिक्षा और सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. आर. बिंदू के कार्यालय में संपन्न हुआ।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवसर पर हैदराबाद विश्वविद्यालय की ओर से इंस्टीट्यूशन ऑफ एमिनेंस के निदेशक प्रो. एम. घनश्याम कृष्णा तथा अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. सम्राट एल. सबत उपस्थित थे। केरल राज्य उच्च शिक्षा परिषद का प्रतिनिधित्व इसके उपाध्यक्ष प्रो. राजन गुरुक्कल, सदस्य सचिव डॉ. राजन वर्गीज, रजिस्ट्रार बीना रानी तथा अनुसंधान अधिकारी डॉ. सुधींद्रन ने किया।
यह भी पढ़ें… काचीगुड़ा में हुए 32 करोड़ के विकास कार्य : कॉर्पोरेटर
हैदराबाद विश्वविद्यालय की पहल की मंत्री ने सराहना
मंत्री डॉ. आर. बिंदू ने कहा कि राज्य में शैक्षणिक मानकों को बढ़ाने और शोधकर्ताओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अनुसंधान करने के लिए आवश्यक उपकरण और नेटवर्क उपलब्ध कराने हेतु ऐसी साझेदारियाँ आवश्यक हैं। उन्होंने इन प्रयासों में केरल राज्य उच्च शिक्षा परिषद के साथ साझेदारी करने के लिए हैदराबाद विश्वविद्यालय की पहल की सराहना की। साथ ही कहा कि यह सहयोग संरचित सहयोग और उन्नत अनुसंधान अवसंरचना के साझाकरण के माध्यम से केरल में अनुसंधान परिदृश्य को आधुनिक बनाने के राज्य उच्च शिक्षा परिषद के मिशन में सहायक होगा।
बताया गया कि समझौते ज्ञापन का उद्देश्य हैदराबाद विश्वविद्यालय तथा केरल राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अंतर्गत आने वाले उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच अकादमिक और अनुसंधान सहयोग को बढावा देना है। यह साझेदारी उच्च स्तरीय अनुसंधान सुविधाओं तक पहुँच बढ़ाने, संकाय और शोधकर्ताओं के पेशेवर विकास में सहयोग करने तथा स्नातक व स्नातकोत्तर छात्रों के लिए इंटर्नशिप प्रदान करेगी। साथ ही संयुक्त शैक्षणिक और अनुसंधान परियोजनाओं को सुगम बनाते हुए हैदराबाद विश्वविद्यालय तथा केरल के राज्य विश्वविद्यालयों के बीच स्थायी संस्थागत संबंधों को प्रोत्साहन देगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



