आईआईआरएफ रैकिंग में पाँचवें स्थान पर हैदराबाद विश्वविद्यालय
हैदराबाद, देश के शीर्ष संस्थानों में शुमार हैदराबाद विश्वविद्यालय ने एक और उपलब्धि अर्जित की है। विश्वविद्यालय को भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क-2025 (आईआईआरएफ) के सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थानों में शामिल किया गया है। इस रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में हैदराबाद विश्वविद्यालय को 5वें स्थान पर रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईआईआरएफ की नवीनतम रैंकिंग में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय 994.89 के समग्र स्कोर के साथ शीर्ष पर है। दूसरे स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय (993.8) तथा तीसरे स्थान पर बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (992.3) को जगह दी गई है। चौथे स्थान पर जामिया मिलिया इस्लामिया (990.4) है। इसके बाद 988.93 स्कोर के साथ हैदराबाद विश्वविद्यालय पाँचवें स्थान पर है।
रैंकिंग के मुताबिक तेलंगाना और दक्षिण भारत के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में हैदराबाद विश्वविद्यालय को पहला स्थान प्राप्त है। आईआईआरएफ रैंकिंग विभिन्न मापदंडों के आधार पर संस्थानों का मूल्यांकन करती है। इसमें छात्रों की रोजगार क्षमता और नौकरी की संभावनाओं का आकलन, संकाय योग्यता, अतिथि व्याख्यान, मान्यता का मूल्यांकन, अनुसंधान प्रभाव और संस्थागत प्रतिष्ठा का आकलन, कॉर्पोरेट इंटरैक्शन, राजस्व सर्जन और इंटर्नशिप का आकलन, प्लेसमेंट के लिए संस्थागत सहायता का मूल्यांकन, इनक्यूबेशन केंद्रों, उद्यमशीलता पहल और नवाचार का मूल्यांकन तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सार्वजनिक धारणा का मूल्यांकन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें… चिक्कड़पल्ली में मांगल्या शॉपिंग मॉल को जीएचएमसी ने लगाया ताला
हैदराबाद विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह रैंकिंग अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और उद्योग जुड़ाव के प्रति विश्वविद्यालय प्रतिबद्धता को दर्शाती है। देश के शीर्ष केंद्रीय विश्वविद्यालयों में हैदराबाद विश्वविद्यालय का स्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रति इसकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



