महान शहर के रूप में होगा हैदराबाद का विकास : रेवंत
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि सरकार हैदराबाद को महान शहर के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार हैदराबाद को कुछ इस तरह विकसित करना चाहती है कि आने वाले हज़ार वर्षों तक लोग याद रखें। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आज माधापुर स्थित हाईटेक्स में क्रेडाई प्रॉपर्टी शो का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि पिछली सरकार द्वारा उच्च ब्याज पर लिए गए 2 लाख करोड़ रुपये के ऋणों का पुनर्गठन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते कर्ज और ब्याज के बोझ के कारण कांग्रेस सरकार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही है। इस संकट से निपटने के लिए उन वित्तीय संस्थानों को राजी किया गया, जिनसे राज्य ने ऋण लिया था और 35 वर्षों के लिए 7.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 26,000 करोड़ रुपये के ऋणों का पुनर्गठन किया। मुख्यमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि केंद्र सरकार को भी संकट के समय राज्य को बचाना चाहिए और उन्होंने प्रधानमंत्री से 2 लाख करोड़ रुपये के ऋणों का पुनर्गठन करने की अपील की।
सीएम ने हैदराबाद के विकास पर कहा कि मैं शहर का विकास इतने शानदार तरीके से करूँगा कि लोग इसे भविष्य में 1000 साल तक याद रखेंगे। पूर्व मुख्यमंत्रियों एन. चंद्रबाबू नायुडू ने हाईटेक सिटी का विकास किया, वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ने आउटर रिंग रोड का निर्माण किया और कुलीकुतुबशाह ने चारमीनार का निर्माण करके अपनी मज़बूत नींव रखी। इसी तरह मेरा नाम भी इतिहास में हमेशा के लिए अंकित होगा।
राज्य परियोजनाओं के लिए केंद्रीय मंज़ूरी प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तेलंगाना के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दोहराया कि वह लंबित राज्य परियोजनाओं के लिए केंद्रीय मंज़ूरी लेने दिल्ली जाएँगे और निरंतर प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती शासकों की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास का इस्तेमाल फ़ार्म हाउस की तरह पार्टियों के आयोजन के लिए किया गया, जबकि वह मूसी पुनरुद्धार परियोजना, मेट्रो रेल के दूसरे चरण के लिए केंद्रीय मंज़ूरी लेने और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी के प्रयासों के लिए दिल्ली जा रहे हैं।
मेट्रो परियोजना का विस्तार शामीरपेट और मेड़चल तक किये जाने का लक्ष्य है। सरकार क्षेत्रीय रिंग रोड, क्षेत्रीय रिंग रेल और हवाई अड्डों के लिए भी केंद्रीय मंज़ूरी माँग रही है। हैदराबाद और अमरावती के बीच ग्रीऩफील्ड राजमार्ग पर ड्राई पोर्ट विकसित करने का प्रस्ताव पहले ही केंद्र को भेजा जा चुका है, मंज़ूरी का इंतज़ार है। राज्य को योजनाबद्ध तरीके से कोर अर्बन, सेमी अर्बन और रूरल एरिया के रूप में विकसित किया जा रहा है।
ओआरआर और आरआरआर को जोड़ने वाली रेडियल सड़कों की योजना पहले ही बनाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने शहर में मेट्रो रेल परियोजना का विस्तार न करने के लिए पिछली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अगर पिछली सरकार ने पिछले 10 वर्षों में मेट्रो रेल का विस्तार पूरा कर लिया होता, तो हैदराबाद की यातायात समस्या कुछ हद तक हल हो जाती। उन्होंने बताया कि हैद्रा का मुख्य उद्देश्य जल निकायों को अतिक्रमण से बचाना है, लेकिन कुछ लोग इसके बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद: स्वतंत्रता दिवस पर चार किन्नरों को सौंपे गये नियुक्ति पत्र
हैदराबाद विकास, हैद्रा मिशन और निवेश नीति
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर बिल्डर किसी वरिष्ठ विपक्षी नेता द्वारा हैद्रा के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा बनते हैं, तो उन्हें नुकसान होगा। वह सरकार के खिलाफ विपक्ष के दुष्प्रचार का शिकार न बनें। सरकारी नीतियाँ और निर्माण राज्य के विकास के इंजन हैं। सरकार पारदर्शी नीतियाँ लागू कर निवेश आमंत्रित कर रही है। सरकार की ज़िम्मेदारी न केवल निवेश की रक्षा करना है, बल्कि उन्हें लाभ कमाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अगर निवेशक नेताओं द्वारा फैलाई गई भ्रांतियों पर भरोसा करेंगे, तो उन्हें लाभ से हाथ धोना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी शंकाओं को दूर करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मैं एक मध्यम वर्गीय सोच वाला मुख्यमंत्री हूँ। मैं दूसरों की तरह पैसा लूटकर विदेश भाग जाने वाला नेता नहीं हूँ। मैं विकास के लिए सहयोग देने और पारदर्शी तरीके से लोगों को लाभान्वित करने के लिए तैयार हूँ। अवसर पर क्रेडाई के अध्यक्ष एन. जयदीप रेड्डी, भावी अध्यक्ष बी. जगन्नाथ राव, महासचिव क्रांति किरण रेड्डी, संयोजक कुर्रा श्रीनाथ, अरविंद राव मेचिनेनी, क्रेडाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. राम रेड्डी, क्रेडाई तेलंगाना के अध्यक्ष इंद्रसेन रेड्डी, क्रेडाई हैदराबाद के पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल, अनिल रेड्डी, रवि प्रसाद, नितीश रेड्डी, संजय कुमार बंसल और श्रीराम मुसुनुरु उपस्थित थे। प्रॉपर्टी शो 17 अगस्त तक जारी रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



