हैदराबाद : पति की प्रताड़ना से तंग महिला ने की खुदकुशी
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र यादाद्रि भोनगीर ज़िले के पोचमपल्ली मंडल के जुलूरु ग्राम में एक महिला ने शराबी पति की प्रताड़ना के चलते फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय पुलिस ने बताया कि जुलूरु ग्राम निवासी व पेशे से किसान कोत्तापल्ली आंजनेयुलू का 12 वर्ष पूर्व पद्मा (30) से विवाह हुआ था। विवाह के बाद पद्मा ने दो लड़कों को जन्म दिया। आंजनेयुलू को शराब पीने की लत है और वह रोज नशे में घर लौटकर पद्मा के साथ झगड़ा करता था। इसी क्रम में कल रात नशे में लौटे आंजनेयुलू ने पद्मा के साथ झगड़ा किया।
पद्मा, आंजनेयुलू पर शराब छोड़ने के लिए दबाव डाल रही थी। इस कारण दोनों के बीच झगड़े हो रहे थे। कल रात झगड़े के दौरान आंजनेयुलू ने गुस्से में आकर अपना सेलफोन जोर से दीवार से मारकर तोड़ दिया। इसके बाद अपने बच्चों को लेकर कमरे में जाकर सो गया। देर रात पद्मा कमरे से बाहर निकल गई और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ऊँचाई से गिरने से महिला मजदूर की मौत
रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर पद्मा ने अपने घर के हॉल में सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फाँसी लगा ली। सुबह नींद से जागे आंजनेयुलू ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। उसने दरवाजे के बीच की दरार झाँककर देखा, तो उसके होश उड़ गए। हाल में पद्मा सीलिंग फैन से फाँसी पर लटकी हुई थी। उसने अपने भाई को फोन कर घर बुलाया और पद्मा को फाँसी पर से उतारकर स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक पद्मा दम तोड़ चुकी थी। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



