हैद्रा आयुक्त के गनमैन ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर, बेटिंग का शक

हैदराबाद, हैद्रा के आयुक्त ए. वी. रंगनाथ के साथ तैनात एक गनमैन ने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया।

गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हयातनगर पुलिस ने बताया कि हयातनगर में रहने वाला एम. कृष्णा चैतन्य वर्ष 2020 बैच का कांस्टेबल है और हैदराबाद पुलिस की सिटी आर्म्ड रिज़र्व (कार) में नियुक्त है। वर्तमान में वह सिटी सिक्योरिटी विंग से संबद्ध होकर हैद्रा आयुक्त के निजी सुरक्षा अधिकारी (गनमैन) के रूप में तैनात था।

पुलिस ने बताया कि आज सुबह हयातनगर स्थित अपने घर में कृष्णा चैतन्या ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने चैतन्या को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा पाया और हथियार भी वहीं पड़ा था। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। हयातनगर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कृष्णा चैतन्या के आर्थिक संकट से जुझने की जानकारी मिली। उसके ऑनलाइन सट्टा और गेमिंग ऐप्स में बड़ी रकम गंवाने की भी जानकारी दी, जिसके बाद से ही वह डिप्रेशन में चला गया था।

पुलिस ने मामला दर्ज किया, सभी पहलुओं से जांच जारी

बताया जाता है कि वह करीब तीन महीने पहले मानसिक तनाव के चलते घर छोड़कर चला गया था, हालांकि बाद में लौट आया था। इन्हीं कारणों से यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कामिनेनी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उसे बेहोशी (कोमा) की अवस्था में लाया गया। सीटी स्कैन में खोपड़ी और मस्तिष्क में गंभीर फ्रैक्चर पाए गए, न्यूरोसर्जन डॉ. एम. ए. जलील और डॉ. साई शिवा की टीम ने तुरंत सर्जरी की। 

फिलहाल मरीज को इंटेंसिव न्यूरो-क्रिटिकल केयर में रखा गया है। अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं और मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि पुलिसकर्मियों द्वारा बेटिंग की लत में पड़कर गलत कदम उठाने के समाचार लगातार प्रकाश में आ रहे है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button