हैद्रा : पार्कों पर कब्जों की शिकायतों का अंबार

हैदराबाद, पार्कों एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए आवंटित स्थलों पर अवैध कब्ज़ों की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में इस तरह के अतिक्रमणों की शिकायतों का अंबार लग गया। हैद्रा सूत्रों के अनुसार, पार्क के लिए निर्धारित स्थान उस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखकर आवंटित किया गया होता है, लेकिन वहाँ धीरे-धीरे अतिक्रमण किये जा रहे हैं।

लेआउट तैयार करते समय पार्कों एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित भूमि को संबंधित प्राधिकरणों को गिफ्ट डीड के माध्यम से सौंपने के बावजूद बाद में उन्हें प्लॉट्स में परिवर्तित किया जा रहा है। कुछ शिकायतों में यह भी उल्लेख किया गया कि लेआउट में खुले कुएँ के रूप में दर्ज क्षेत्रों को बाद में मिट्टी से भरकर प्लॉट्स के रूप में बेच दिया गया। पुराने शहर के लाल दरवाजा क्षेत्र में एक समय सार्वजनिक उपयोग के लिए रखी गयी लगभग 2 एकड़ भूमि पर कब्जा होने की स्थानीय लोगों ने शिकायत की।

साहेब कलां कॉलोनी में खुले कुएँ को संरक्षित करने की मांग

इसी प्रकार सिकंदराबाद के हशमतपेट में बोइन चेरुवु तालाब पहले 66 एकड़ क्षेत्र में था, जो अब घटकर लगभग 30 एकड़ रह गया है। निवासियों ने कब्जों पर नियंत्रण कर तालाब की सुरक्षा करने की माँग की। हैद्रा प्रजावाणी में कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने इन शिकायतों की समीक्षा करते हुए समाधान की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतों का शीघ्र ही क्षेत्र स्तर पर निरीक्षण किया जाएगा।

हयातनगर मंडल के साहेब कलां में सर्वे मेडिकल एंड हेल्थ कॉलोनी लेआउट बनाया गया था। इसमें 305 गज क्षेत्र में स्थित खुले कुएँ को वर्ष 2002 में मिट्टी से भरकर प्लॉट्स के रूप में बेच दिए जाने की शिकायत करते हुए स्थानीय निवासियों के कल्याण संघ ने उक्त स्थान को सार्वजनिक उपयोग हेतु संरक्षित करने की माँग की। अमीनपुर नगरपालिका में इंडस वैली 2 नामक लेआउट में 672 गज के पार्क को प्लॉट्स में बदलने के प्रयास पर स्थानीय लोगों द्वारा पार्क की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों की हैद्रा आयुक्त ने सराहना की।

यह भी पढ़ें… कर्मचारी राज्य बीमा निगम के स्थापना दिवस पर साइकिलिंग का आयोजन

गाजुला रामाराम गाँव में पार्क भूमि पर मंदिरों के नाम पर अतिक्रमण

मेड़चल मल्काजगिरी जिला, कापरा मंडल के चेर्लापल्ली स्थित ईसी नगर में एक एकड़ भूमि पार्क के लिए आवंटित होने के बावजूद उसे निजी भूमि बताकर कब्जा कर चारदीवारी निर्माण किए जाने की शिकायत ईसी नगर कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने दर्ज कराई। कुतुबुल्लापुर मंडल के गाजुला रामाराम गाँव के मिथिलानगर एवं विष्णुप्रिया एन्क्लेव सीमाओं में स्थित 35 गुंटा पार्क भूमि पर विभिन्न मंदिरों के नाम पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत करते हुए निवासियों ने इसे सार्वजनिक पार्क के रूप में बनाए रखने की माँग की।

मियाँपुर स्थित लक्ष्मीनगर कॉलोनी ओनर्स वेल्फेयर असोसिएशन के सदस्यों ने कॉलोनी के पार्क भू-भाग की सुरक्षा, पौधारोपण की अनुमति तथा नए निर्माणों पर रोक लगाने की माँग की। अमीनपुर नगरपालिका में श्मशान भूमि, जल टैंक एवं महिला भवन के लिए आवंटित भूमि पर रियल इस्टेट संस्थाओं द्वारा कब्जा किए जाने तथा विरोध करने पर निवासियों को भयभीत किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गयीं। इसी तरह महेश्वरम निर्वाचन क्षेत्र के शमशाबाद जोन अंतर्गत नादरगुल गाँव में सुन्नम चेरुवु, रेड्डी कुंटा सहित अन्य जलाशयों से जुड़े वर्षा नार्लों पर अतिक्रमण के कारण हर वर्ष बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायत ग्रीन हिल्स कॉलोनी के निवासियों ने की। हैद्रा आयुक्त ने आश्वासन दिया कि शिकायतों की जाँच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जीएचएमसी प्रजावाणी में 59 दरखास्त

जीएचएमसी द्वारा आयोजित प्रजावाणी कार्यक्रम में 59 शिकायतें प्राप्त हुईं। उच्च अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उनका तत्काल समाधान किया जाए। जीएचएमसी मुख्यालय में आयोजित प्रजावाणी कार्यक्रम में 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि जोनल सतर पर विभिन्न कार्यालयों में 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वासन दिया गया कि जाँच पड़ताल के बाद समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रजावाणी कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त के. सत्यनारायण, एएसपी नरसिंहा रेड्डी, संयुक्त आयुक्त जयंत, रजनीकांत रेड्डी, सिटी प्लानर उमा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button