आईआईआईटी हैदराबाद ने लांच किया मार्डन मशीन लर्निंग में ऑनलाइन प्रोग्राम

हैदराबाद, इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, हैदराबाद (आईआईआईटी-एच) ने अपने फ्लेक्सिबल लर्निंग और आउटरीच डिवीजन के माध्यम से आधुनिक मशीन लर्निंग में पूरी तरह ऑनलाइन माइनर प्रोग्राम की शुरुआत की है। यह प्रोग्राम देशभर के स्नातक छात्रों को तकनीक के इस क्रांतिकारी क्षेत्र में अद्यतन कौशल से लैस करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

यह प्रोग्राम उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जो विज्ञान, गणित, इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी से संबंधित विषयों में स्नातक की पढ़ाई के तीसरे वर्ष या उससे आगे हैं। एक वर्ष की अवधि वाला यह कार्यक्रम नियमित शैक्षणिक सत्र के समानांतर चलेगा और इसमें लाइव इंटरैक्टिव सेशन्स, हैंड्स-ऑन लैब्स, वास्तविक परियोजनाएं और आईआईआईटी-एच के प्रोफेसरों से मार्गदर्शन शामिल होगा। विभिन्न कॉलेज अपनी शैक्षणिक नीतियों के आधार पर इस सर्टिफिकेट को माइनर डिग्री के रूप में मान्यता दे सकते हैं।

प्रोफेसर वेंकटेश चोप्पेला, एसोसिएट डीन (फ्लेक्सिबल लर्निंग डिवीजन) ने कहा कि मशीन लर्निंग आज हर उद्योग को तेजी से बदल रही है। हम छात्रों को इस क्षेत्र में मजबूत नींव और व्यावहारिक अनुभव देना चाहते हैं, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकें। आउटरीच डिवीजन के प्रमुख प्रोफेसर रमेश लोगनाथन ने कहा, यह प्रोग्राम छात्रों को अपने मुख्य डिग्री पाठ्यक्रम के साथ-साथ मशीन लर्निंग में विशेषज्ञता हासिल करने का एक अनूठा अवसर देता है।

यह भी पढ़ें… अनुसंधान केंद्र इमारत में हिन्दी कार्यशाला आयोजित

आईआईआईटी हैदराबाद का नया शोधोन्मुख माइक्रो पाठ्यक्रम

आईआईआईटी हैदराबाद के निदेशक प्रोफेसर पी. जे. नारायणन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा, हम एक अनुसंधान-आधारित संस्थान हैं और मानते हैं कि सिद्धांत और व्यवहार का संयोजन ही नवाचार को जन्म देता है। यह माइनर प्रोग्राम उसी दिशा में एक अहम कदम है, जिससे गुणवत्तापूर्ण और अनुसंधान-आधारित शिक्षा को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराया जा सके।

डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर किशोर कोठापल्ली ने कहा कि यह प्रोग्राम छात्रों की नियमित पढ़ाई के साथ अच्छी तरह मेल खाता है और उन्हें मशीन लर्निंग के व्यावहारिक और अनुप्रयोग आधारित दृष्टिकोण से परिचित कराता है। यह अंतरविषयी शिक्षा को बढ़ावा देने, पारंपरिक कक्षा से आगे तकनीकी शिक्षा को पहुंचाने और इच्छुक छात्रों को अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हमारे दृष्टिकोण से मेल खाता है।

आईआईआईटी हैदराबाद के रजिस्ट्रार प्रोफेसर के. एस. राजन ने कार्यक्रम की शैक्षणिक संरचना और दीर्घकालिक प्रभाव पर विश्वास जताते हुए कहा, हम इस प्रोग्राम को छात्रों के लिए आईआईआईटी-एच की अकादमिक उत्कृष्टता तक पहुंचने का एक नया अवसर मानते हैं। इसका लचीला और क्रेडिट-लिंक्ड प्रारूप गुणवत्ता, विस्तार और शैक्षणिक कठोरता को संतुलित करता है। यह पहल देशभर के प्रगतिशील छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे वे भविष्य की तकनीकों में विशेषज्ञता प्राप्त कर सकते हैं और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

मशीन लर्निंग में ऑनलाइन माइनर प्रोग्राम हेतु आवेदन प्रक्रिया आगामी 26 जुलाई से आरंभ होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त है। पाठयक्रम का संचालन 25 अगस्त से किया जाएगा। पाठयक्रम से संबंधित जानकारी https://dfl.iiit.ac.in/courses/minor/mml  पर उपलब्ध है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button