आईएमटी हैदराबाद 2024-26 बैच का दीक्षांत समारोह
हैदराबाद, आईएमटी हैदराबाद द्वारा 2024-26 बैच के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह का आयोजन परिसर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ट्रांसवर्ल्ड के अध्यक्ष रमेश एस. रामकृष्णन उपस्थित थे। अवसर पर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को छह स्वर्ण तथा पाँच रजत पदकों से पुरस्कृत किया गया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रमेश एस. रामकृष्णन ने दीक्षांत समारोह में छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि व्यवसाय मूल रूप से लोगों और सार्थक उद्देश्यों से जुड़ा होता है। उन्होंने नेतृत्व के लिए सहयोग, जिज्ञासा, प्रतिबद्धता तथा ईमानदारी को आवश्यक बताते हुए भू-राजनीतिक परिवर्तनों से बदलते वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख किया। उन्होंने छात्रों को साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने और समाज में सार्थक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
आईएमटी हैदराबाद के निदेशक प्रो. के.एम. बहारुल इस्लाम ने नवाचार, उद्योग एकीकरण तथा भविष्य के लिए तैयार शिक्षा के प्रति आईएमटी हैदराबाद की प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही छात्रों को वैश्विक शिक्षण वातावरण में अनुकूलनशीलता और उत्कृष्टता को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सीआईआई-आईएल के साथ साझेदारी में पीजीडीएम (एलएससीएम) तथा एचसीएल टेक्नोलॉजीज के साथ पीजीडीएम (आईटी) जैसे प्रमुख कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला, जिन्हें सौ से अधिक उद्योग विशेषज्ञों का समर्थन प्राप्त है।
यह भी पढ़ें… सज्जनार ने शुरू किया ‘ए डे विद सीपी’ कार्यक्रम
70+ कॉर्पोरेट्स में इंटर्नशिप और वैश्विक अध्ययन कार्यक्रम
इसके अलावा उन्होंने 70 से अधिक कॉर्पोरेट्स में इंटर्नशिप, वैश्विक स्तर पर गहन अध्ययन कार्यक्रम, अमेरिका और यूरोप के विशेषज्ञों की विशेषता वाली विशिष्ट वक्ता श्रृंखला तथा अंतरराष्ट्रीय संकाय संवादों के माध्यम से अनुभवात्मक शिक्षा से जुड़े पहलुओं का उल्लेख किया। उन्होंने आईएमटी हैदराबाद के संकाय सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों में किए गए सशक्त अनुसंधान कार्यों, एवर नॉर्थ हेल्थ सर्विसेज और रिटेलर्स असोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ रणनीतिक साझेदारियों साथ उद्योग भागीदारों के लिए अनुकूलित कार्यकारी शिक्षा कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला।
संस्थान के मुख्य मार्गदर्शक कमलनाथ ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका और संचार सहित सहयोग और नैतिक निर्णय जैसे मानवीय कौशलों के साथ तकनीकी साक्षरता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने, अनुकूलनशीलता तथा सामाजिक प्रभाव पर केंद्रित उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। अवसर पर बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, संकाय सदस्य, छात्रों सहित अन्य उपस्थित थे। दीक्षांत समारोह का समापन एकेडमिक्स डीन प्रो. सौरभ भट्टाचार्य के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



