भारत की पाकिस्तान के खिलाफ दबदबा कायम रखने पर नजर

दुबई, भारतीय टीम रविवार को आईसीसी अकादमी में होने वाले अंडर-19 एशिया कप फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी श्रेष्ता साबित करते हुए रिकॉर्ड 12वाँ खिताब अपनी झोली में डालना चाहेगी। आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली भारतीय टीम ग्रुप-ए के सभी मैच जीतकर पाकिस्तान से आगे शीर्ष पर रही।

पाकिस्तान को ग्रुप चरण में एकमात्र हार भारत के खिलाफ मिली थी, जिसमें उसे पिछले रविवार को 90 रन से हार मिली। भारत ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में भी यही लय बरकरार रखी और श्रीलंका को आ विकेट से हराया। दूसरी ओर पाकिस्तान ने गत चैम्पियन बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल तक भारत का सफर हरफनमौला प्रदर्शन पर आधारित रहा है, जिसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर एक मजबूत इकाई बनाई।

भारत की युवा प्रतिभाओं का धमाकेदार प्रदर्शन

बल्लेबाजी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम ने दो बार 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में युवा प्रतिभाओं का उदय हुआ है जिसमें 17 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू शामिल हैं। युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ पहले मैच में 95 गेंद में 171 रन बनाकर भारत को छह विकेट पर 433 रन के स्कोर तक पहुँचाया, तो कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।

इस बाएँ हाथ के बल्लेबाज ने 125 गेंद में नाबाद 209 रन बनाए और युवा वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय बन गए। यह जोड़ी पाकिस्तान के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ एक और अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। जब भी भारत का शीर्ष क्रम लड़खड़ाया है, मध्यक्रम में ऐसे मौके पर अच्छा प्रदर्शन किया है।

आरोन, कनिष्क और दीपेश ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई

हैदराबाद के आरोन जॉर्ज ने लगातार तीन अर्धशतक लगाकर टीम को संभाला है, उन्होंने महत्वपूर्ण मध्य ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए 100 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट बनाए रखा है। उन्हें बाएँ हाथ के बल्लेबाज विहान मल्होत्रा का भी अच्छा साथ मिला है, जो श्रीलंका के खिलाफ 61 रन बनाकर नाबाद रहे थे। टीम में गहराई लाने वाले ऑलराउंडर कनिष्क चौहान हैं, जिन्होंने 127 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ फिनिशर की भूमिका को फिर से परिभाषित किया है और साथ ही गेंद से सही समय पर विकेट भी लिए हैं।

चौहान ने चार मैचों में छह विकेट लिए हैं, जिसमें ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ 33 रन देकर तीन विकेट लेने का शानदार प्रदर्शन शामिल है। गेंदबाजी में भारत की अगुवाई तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने की, जो पाकिस्तान के अब्दुल सुभान के साथ टूर्नामेंट में 11 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दीपेश ने नई गेंद से 130 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से सटीक लाइन पर गेंदबाजी करके शानदार प्रदर्शन किया है।

मलेशिया के खिलाफ उनका 22 रन देकर पाँच विकेट झटकने का शानदार स्पैल उनकी काबिलियत को दिखाता है, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया और लगातार ओवरों में तीन बल्लेबाजों को आउट किया, जिसमें टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर समीर मिन्हास भी शामिल थे। मैच का समय : सुबह 10.30 बजे से। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button