चाबहार बंदरगाह पर भारत को प्रतिबंधों से छह महीने की छूट
नई दिल्ली, अमेरिका ने ईरान में चाबहार बंदरगाह पर अमेरिकी प्रतिबंधों से भारत को छह महीने की छूट दी है। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ये प्रतिबंध 29 सितंबर से लागू होने थे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद एक महीने की छूट दी गई। छह महीने की नई छूट 29 अक्तूबर से प्रभावी होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में बताया, ईरान में चाबहार बंदरगाह के लिए हमें अमेरिकी प्रतिबंधों से छह महीने की छूट दी गई है।
पिछले महीने, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ईरान में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह के संबंध में 2018 के प्रतिबंधों में छूट को रद्द करने के अपने फैसले की घोषणा की थी। ईरान के दक्षिणी छोर पर सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में स्थित चाबहार बंदरगाह के विकास में भारत एक प्रमुख भागीदार है। वर्तमान में, भारत इस बंदरगाह पर शाहिद बेहेश्टी टर्मिनल का संचालन कर रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने पिछले महीने कहा था कि चाबहार बंदरगाह का संचालन करने वाले और अन्य संबंधित गतिविधियों में शामिल लोगों को 29 सितंबर से अमेरिका ईरान स्वतंत्रता और प्रसार-रोधी अधिनियम (आईएफसीए) के तहत प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा। भारत और ईरान द्वारा संपर्क और व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के लिए चाबहार बंदरगाह का विकास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… भारत से होगा व्यापार समझौता : ट्रंप
दोनों देश चाबहार बंदरगाह को अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (आईएनएसटीसी) का एक अभिन्न अंग बनाने पर भी ज़ोर दे रहे हैं। आईएनएसटीसी भारत, ईरान, अफगानिस्तान, आर्मेनिया, अजरबैजान, रूस, मध्य एशिया और यूरोप के बीच माल ढुलाई के लिए 7,200 किलोमीटर लंबी विभिन्न माध्यम वाली परिवहन परियोजना है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



