भारत-इटली संबंध तेजी से अग्रसर हो रहे : इटली के राष्ट्रपति

नयी दिल्ली, इतालवी राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला ने कहा है कि भारत और इटली के संबंध तेजी से आगे बढ़ रहे हैं तथा ये पारस्परिक लाभ के लिए और अधिक गहरे होंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश ‘‘लोकतंत्र एवं कानून के शासन के प्रति सम्मान’’ जैसे मूलभूत मूल्यों को साझा करते हैं।

भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे अपने शुभकामना संदेश में, मैटारेला ने आशा व्यक्त की कि द्विपक्षीय एजेंडा के हर क्षेत्र में, साथ ही भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के ढांचे के भीतर, ‘‘हमारे देशों के बीच तालमेल’’ मजबूत हो सकता है, जिसे नए आर्थिक और व्यापारिक समझौतों से ‘‘काफी लाभ’’ होगा।

छब्बीस जनवरी की तारीख वाले शुभकामना संदेश का अंग्रेजी अनुवाद इतालवी दूतावास ने मंगलवार को साझा किया।मैटारेला ने कहा, “गणतंत्र दिवस के अवसर पर, मैं आपको, राष्ट्रपति महोदया, भारत गणराज्य के समृद्ध भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं। भारत और इटली के संबंध तेजी से अग्रसर हो रहे हैं, जो हमारे पारस्परिक लाभ के लिए और अधिक गहन होंगे।”

भारत-इटली रिश्ते मजबूत होंगे: मैटारेला

संदेश में कहा गया है कि संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के कार्यान्वयन की बदौलत द्विपक्षीय साझेदारी, सहयोग के नए अवसरों से ‘‘हर दिन समृद्ध हो रही है’’, चाहे वह ‘‘हमारे संबंधित आर्थिक संचालकों के बीच संयुक्त परियोजनाओं, वैज्ञानिक सहयोग, या हमारे नागरिक समाजों के बीच तेजी से गहन और फलदायी संपर्कों’’ के माध्यम से हो।

मैटारेला ने यह भी कहा कि दिल्ली और रोम ‘‘लोकतंत्र एवं कानून के शासन के प्रति सम्मान’’ जैसे मूलभूत मूल्यों को साझा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे कई परस्पर संबंधित हितों का भी अनुसरण करते हैं, जिनकी शुरुआत नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की सुरक्षा, हिंद-भूमध्य सागर क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता की शांतिपूर्ण प्राप्ति तथा प्रमुख वैश्विक चुनौतियों के प्रभावी बहुपक्षीय प्रबंधन से होती है।’’

मैटारेला ने कहा, ‘‘इन आधारों पर आगे बढ़ते हुए, मुझे उम्मीद है कि हमारे देशों के बीच तालमेल – उच्चतम संस्थागत और राजनीतिक स्तरों पर लगातार होने वाले दौरों के आदान-प्रदान से प्रेरणा लेते हुए – द्विपक्षीय एजेंडे के हर क्षेत्र में, साथ ही भारत और यूरोपीय संघ के बीच संबंधों के ढांचे के भीतर भी मजबूत होगा, जिन्हें नए आर्थिक और व्यापार समझौतों से बहुत लाभ होगा।’’

भारत-यूरोप एफटीए और रणनीतिक समझौतों पर साइन करेगा

मैटारेला ने मुर्मू को लिखा, ‘‘इन्हीं आशाओं के साथ और मित्रता की भावना से, मैं इतालवी गणराज्य की ओर से आपको और आपके सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।’’ भारत ने सोमवार को कर्तव्य पथ पर अपनी सांस्कृतिक विविधता, आर्थिक विकास और सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन करते हुए अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाया।

इतालवी दूतावास ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘77वें गणतंत्र दिवस की परेड की तस्वीरें। यूरोपीय परिषद और यूरोपीय आयोग के अध्यक्षों की उपस्थिति भारत और यूरोप के बीच समृद्धि एवं स्थिरता पर केंद्रित मित्रता तथा रणनीतिक साझेदारी का प्रमाण है।’’ भारत और यूरोप ने मंगलवार को एक महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की जिसे अब तक का सबसे बड़ा समझौता कहा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 देशों के यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा के साथ वार्ता करने के बाद कहा कि आज भारत ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) यूरोपीय संघ के साथ संपन्न किया है। दोनों पक्षों ने एक रणनीतिक रक्षा समझौते और एक आवागमन समझौते पर भी हस्ताक्षर किए। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button