भारतीय महिला हॉकी टीम का अर्जेंटीना दौरा, चार मैचों की बड़ी चुनौती

नयी दिल्ली, भारत की सीनियर महिला हॉकी टीम चार मैचों की श्रृंखला के लिए अर्जेंटीना का दौरा करेगी। इस श्रृंखला के मैच 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स के सीएएनएआरडी में खेले जाएंगे। भारतीय टीम अपने मैच 13, 14, 16 और 17 अप्रैल को अर्जेंटीना के नेशनल सेंटर ऑफ हाई परफार्मेंस एथलेटिक्स सेंटर (जिसे सीएएनएआरडी के नाम से भी जाना जाता है) में खेलेगी।

भारत और अर्जेंटीना के बीच हाल में कुछ कड़े मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पिछले साल जून में एफआईएच प्रो लीग 2024-25 का मैच भी शामिल है जिसका फैसला 2-2 से बराबर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में किया गया। भारतीय टीम का यह दौरा बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। इससे भारतीय टीम को विभिन्न संयोजन आजमाने का मौका भी मिलेगा।

अर्जेंटीना दौरे से खिलाड़ियों की असली परीक्षा

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘हम 24 खिलाड़ियों की टीम के साथ अर्जेंटीना जा रहे हैं। यह एक सोच-समझकर लिया गया निर्णय है। इस दौरे का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका देना है। अर्जेंटीना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और इस श्रृंखला से हमें प्रति खिलाड़ी को परखने का मौका मिलेगा। हम देखना चाहते हैं कि जरूरत पड़ने पर कौन बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।’’

कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘इस टीम में जगह बनाने के लिए आपको सबसे पहले यह साबित करना होगा कि आप एक ‘टीम प्लेयर’ हैं। व्यक्तिगत प्रतिभा महत्वपूर्ण है लेकिन अगर आप इस टीम के साथ तालमेल नहीं बिठा सकते और एक-दूसरे की मदद नहीं कर सकते हैं तो आपके लिए इस टीम में जगह बनाना मुश्किल होगा।’’

यह भी पढ़े : ऐसे खेलते रहे तो टीम इंडिया में जगह पक्की : कार्तिक

पुरुषों और महिलाओं दोनों का विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में एक साथ आयोजित किया जाएगा, जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button