भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया

कोलंबो, भारतीय टीम ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से रविवार को यहाँ आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप मुकाबले में पाकिस्तान को 88 रन से हराकर इस चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ वनडे में जीत के सिलसिले को जारी रखा। भारतीय महिलाओं ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल की और वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ 12वें मुकाबले में जीत दर्ज कर शत प्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखा। विश्व कप में यह पाकिस्तान के खिलाफ उसकी पांचवीं जीत है।

भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका को हराया था जबकि पाकिस्तान की यह दूसरी हार है। एशिया कप में भारत की पुरुष टीम की पाकिस्तान की टीम से हाथ नहीं मिलाने की नीति पर कायम रहते हुए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस के दौरान पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। मैच रैफरी द्वारा टॉस के फैसले में हुई गलती के कारण टॉस पाकिस्तान के पक्ष में चला गया, जिसने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

भारतीय टीम हरलीन देओल की 65 गेंद में संयम से खेली गई 46 रन की पारी और अंत में रिचा घोष के 20 गेंद में तेजी से बनाए गए नाबाद 35 रन से धीमी पिच पर संघर्ष करते हुए पारी की अंतिम गेंद पर 247 रन के सम्मानजनक स्कोर पर सिमट गई। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम शीर्ष क्रम के चरमराने के उबर नहीं सकी और सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन की 81 रन की जुझारू पारी के बावजूद 43 ओवर में 159 रन पर ढेर हो गई।

भारत की गेंदबाजों ने किया कमाल

सिदरा अमीन ने भारतीय क्षेत्ररक्षकें द्वारा दिए गए जीवनदान का फायदा उाते हुए 106 गेंद में नौ चौके और एक छक्का जडित पारी खेली। उनके अलावा सिर्फ नतालिया परवेज (33 रन) और सिदरा नवाज (14 रन) ही दोहरे अंक तक पहुँच सकी। भारत के लिए क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने तीन तीन विकेट झटके जबकि स्नेह राणा को दो विकेट मिले।

पाकिस्तान ने 26 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कभी भी पाकिस्तान की बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और लगातार अंतराल पर विकेट झटकना जारी रखा। दीप्ति ने चौथे ओवर में सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को रन आउट कराया।

क्रांति गौड़ ने सदफ को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया और आलिया रियाज को अपना दूसरा शिकार बनाया जिससे पाकिस्तान ने 26 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। सिदरा अमीन 40वें ओवर तक एक छोर पर डटी रहीं, जिसमें उन्हें थोड़ी देर के लिए नतालिया का साथ मिला, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। स्नेह राणा ने 40वें ओवर की अंतिम गेंद पर सिदरा अमीन को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद टीम ने तीन ओवर में अंतिम दो विकेट खो दिए।

दीप्ति और स्नेह ने पारी की अंत में तेजी से रन जोड़े

इससे पहले धीमी पिच पर भारतीय टीम का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। मैच के दौरान कीड़ें के भगाने के लिए फ्यूमिगेशन ब्रेक से भी रूकावट आई। पिच पर काफी करीबी फैसले लिए गए और गफलत भी हुई, जिससे भारतीय खिलाड़ियें की लय और बिगड़ गई। देओल ने मध्य ओवरों में पारी को संभाला जबकि घोष ने 20 गेंद में तीन चौके और दो छक्के जड़कर भारत को 250 रन के करीब पहुँचाया। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल (31) ने डायना बेग की गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़कर भारत को तेज शुरुआत कराई, लेकिन स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना (23) एक बार फिर पावरप्ले के अंदर आउट हो गईं जिससे शीर्ष क्रम शुरुआती दबाव में आ गया।

बेग की गेंद पर पगबाधा की अपील से बचने के बाद मांधना नौंवे ओवर में कप्तान फातिमा सना की गेंद पर पगबाधा आउट हो गईं। पाकिस्तान की अनुशासित गेंदबाजों ने कसी लाइन और गति में चतुराईपूर्ण बदलाव करते हुए बल्लेबाजों पर लगाम लगाए रखी। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को लय में नहीं आने दिया और नियमित अंतराल पर विकेट झटके।

तेज गेंदबाज बेग ने 69 रन देकर चार जबकि फातिमा सना ने 38 रन देकर दो विकेट झटके। रावल आउट होने वाली अगली बल्लेबाज रहीं, वह सादिया इकबाल की गेंद पर बोल्ड हो गईं। देओल ने संयम से खेलते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) के साथ 39 रन की साझेदारी की और फिर जेमिमा रोड्रिग्स (32) के साथ 45 रन जोड़े।

हरमनप्रीत लय में दिख रही थीं, लेकिन डायना बेग की गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे को छूकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई। हरलीन शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गईं। पाकिस्तान ने लगातार दबाव बनाए रखा। जेमिमा को दो रन पर जीवनदान मिला था, वह 32 रन बनाकर आउट होने वाली अगली बल्लेबाज रहीं। दीप्ति शर्मा (25) और स्नेह राणा (20) की अनुभवी जोड़ी ने इसके बाद 42 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला।भारतीय टीम अंत में तेजी से रन जुटाने की कोशिश में थी।

स्कोर बोर्ड

भारत पारी : प्रतिका रावल बो. सादिया इकबाल 31, स्मृति मांधना पगबाधा बो. फातिमा सना 23, हरलीन देओल का. नशरा संधू बो. रमीन शमीम 46, हरमनप्रीत कौर का. सिदरा नवाज बो. डायना बेग 19, जेमिमा रोड्रिग्स पगबाधा बो. नशरा संधू 32, दीप्ति शर्मा का. सिदरा नवाज बो. डायना बेग 25, स्नेह राणा का. रियाज बो. फातिमा सना 20, रिचा घोष नाबाद 35, चरणी का. नतालिया परवेज बो. सादिया इकबाल 1, क्रांति गौड़ का. रियाज बो. डायना बेग 8, रेणुका सिंह का. सिदरा नवाज बो. डायना बेग 0. अतिरिक्त : 7 रन। कुल : (50 ओवर में सभी आउट) 247 रन। विकेट पतन : 1-48, 2-67, 3-106, 4-151, 5-159, 6-201, 7-203, 8-226, 9-247. गेंदबाजी : सादिया इकबाल 10-0-47-2, डायना बेग 10-1-69-4, फातिमा सना 10-2-38-2, रमीन शमीम 10-0-39-1, नाशरा संधू 10-0-52-1.

पाकिस्तान पारी : मुनीबा अली रन आउट 2, सदफ शम्स का. एवं बो. क्रांति गौड़ 6, सिदरा अमीन का. हरमनप्रीत बो. राणा 81, आलिया रियाज का. दीप्ति बो. क्रांति गौड़ 2, नतालिया परवेज का. (सब) बो. क्रांति गौड़ 33, फातिमा सना का. स्मृति बो. दीप्ति 2, सिदरा नवाज का. एवं बो. राणा 14, रमीम शमीम बो. दीप्ति 0, डायना बेग रन आउट 9, नशरा संधू नाबाद 2, सादिया इकबाल 0. अतिरिक्त : 8 रन। कुल (43 ओवर में सभी आउट) 159 रन। विकेट पतन : 1-6, 2-20, 3-26, 4-95, 5-102, 6-143, 7-146, 8-150, 9-158. गेंदबाजी : रेणुका सिंह 10-1-29-0, क्रांति गौड़ 10-3-20-3, स्नेह राणा 8-0-38-2, चरणी 6-1-26-0, दीप्ति शर्मा 9-0-45-3. (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button