मेगासिटी हैदराबाद बुनियादी ढाँचे के लिए एकीकृत योजना : पोन्नम प्रभाकर
हैदराबाद, हैदराबाद प्रभारी एवं परिवहन व पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि सरकार हैदराबाद शहर के बढ़ते आकार को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने के लिए एकीकृत योजना के साथ कदम बढ़ा रही है।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने जीएचएमसी महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी के साथ हुसैन सागर सरप्लस नाले पर अशोकनगर के पास एक नये पुल का उद्घाटन किया। चिक्कड़पल्ली दोमलगुड़ा लिंक ब्रिज का निर्माण लगभग 6 करोड़ की लागत से किया गया है। अवसर पर सांसद अनिल कुमार यादव, मुठा गोपाल, उपमहापौर श्रीलता शोभन रेड्डी, आयुक्त आर.वी. कर्णन, अतिरिक्त आयुक्त रघुप्रसाद, भास्कर रेड्डी, जोनल आयुक्त रवि किरण एवं अन्य उपस्थित थे।

पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि हैदराबाद के एक विशाल महानगरीय स्वरूप को ध्यान में रखते हुए सरकार शहर के बढ़ते आकार के अनुरूप बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए स्पष्ट सोच और एकीकृत योजना के साथ कार्य कर रही है। मंत्री ने कहा कि आउटर रिंग रोड के भीतर और आसपास की नगरपालिकाओं के विलय के बाद ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों ही दृष्टियों से देश का सबसे बड़ा शहर बन गया है।
यह भी पढ़ें… विधानसभा में विपक्ष को भी पीपीपी का मौका दे सरकार : केटीआर
शहर में सड़क, पार्क और नागरिक सुविधाओं के विकास पर जोर
इतने बड़े शहर में सड़कें, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्क और अन्य नागरिक सुविधाएँ जनसंख्या के अनुपात में विकसित होनी चाहिए। मुख्यमंत्री इन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए व्यापक योजनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं। शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ और गुणवत्तापूर्ण जीवन प्रदान करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा। राज्य की राजधानी और कोर अर्बन रीजन होने के कारण हैदराबाद के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि चिक्कड़पल्ली दोमलगुड़ा लिंक ब्रिज के चालू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस पुल के माध्यम से अब चिक्कड़पल्ली से अशोक नगर और दोमलगुड़ा, लिबर्टी जंक्शन, जीएचएमसी मुख्यालय तथा सचिवालय की ओर यात्रा का समय लगभग आधा घटने की उम्मीद है। नाले के दोनों ओर स्थित कॉलोनियों के निवासियों ने पुल के निर्माण पर प्रसन्नता जतायी और लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



