आईपीईएमए तथा एनईसीसी ने मनाया विश्व अंडा दिवस
हैदराबाद, आईपीईएमए-पोल्ट्री इंडिया द्वारा प्रोटीन जागरूकता पर बल देते हुए विश्व अंडा दिवस-2025 मनाया गया। राष्ट्रीय अंडा समन्वय समिति (एनईसीसी) के सहयोग से सोमाजीगुड़ा स्थित प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से अंडे के पोषण मूल्यों तथा महत्व पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में बढ़ती प्रोटीन की कमी को दूर करने और सभी के लिए किफायती, सुलभ पोषण सुनिश्चित करने में अंडों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। वक्ताओं ने कहा कि पोषक तत्वों से परिपूर्ण अंडों का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। अंडे उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन तथा शरीर के आवश्यक खनिजों का एक अच्छा स्रोत होते हैं। बच्चों से लेकर सभी आयु वर्ग के लिए अंडा एक आदर्श आहार विकल्प है।
कार्यक्रम में अंडे जैसे किफायती और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के माध्यम से प्रोटीन की कमी को दूर करने की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित किया गया, जो विकास, प्रतिरक्षा और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। साथ ही सामाजिक-आर्थिक समूहों में पोषण संबंधी अंतर को भी पाटते हैं।
आईपीईएमए और पोल्ट्री इंडिया के अध्यक्ष उदय सिंह ब्यास ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अंडा उत्पादक होने के बावजूद 2024 में प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक खपत केवल 103 अंडे थी। यह आँकड़ा वैश्विक औसत के आधे से भी कम है। उन्होंने कहा कि यह अंतर स्पष्ट रूप से विश्व अंडा दिवस जैसे जागरूकता अभियानों की तत्काल आवश्यकता को दर्शाता है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए अपने दैनिक आहार में अंडे शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
17वाँ पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 25 नवंबर से
कार्यक्रम के दौरान पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2025 के 17वें संस्करण की घोषणा की गई। इसका आयोजन हाईटेक्स प्रदर्शनी सेंटर में आगामी 25 से 28 नवंबर तक किया जाएगा।यह आयोजन पोल्ट्री प्रजनन, हैचरी स्वचालन, चारा मिलिंग, पशु चिकित्सा उत्पाद, आवास, टिकाऊ पोल्ट्री प्रथाओं आदि में नवीनतम नवाचारों तथा उन्नत प्रथाओं को प्रदर्शित करेगा।
पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 25 नवंबर को एचआईसीसी नोवोटेल में ज्ञान दिवस के साथ शुरू होगा। एक्सपो में 1,500 से अधिक प्रतिनिधि तथा सात से अधिक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ एक मंच पर आएँगे। इसके अलावा एक्सपो में 50 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा प्रदर्शक उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैश्विक पोल्ट्री उद्योग में नवीनतम नवाचारों तथा प्रथाओं सहित पोल्ट्री संचालन में स्वचालन, पोल्ट्री फार्मिंग, फीड प्रौद्योगिकियों, नवाचारों, संबंधित स्वास्थ्य प्रबंधन में नवीनतम प्रगति, इस क्षेत्र में कॅरियर के अवसरों जैसे विषयों को चर्चा का केंद्र बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें… दीपशिखा महिला क्लब ने किया दिवाली डिनर का आयोजन
अवसर पर वीएचएल ग्रुप के जीएम के.जी. आनंद, एपीडा के एजीएम आर.पी. नायुडू, एफएसएसएआई के उपनिदेशक बालू नाइक, टीपीबीए सचिव डॉ. रविंदर रेड्डी, आईपीईएमए संस्थापक अध्यक्ष पी. चक्रधर राव, आईईसी अध्यक्ष चित्तूरी सुरेश रायुडू, सलाहकार डॉ. बाला स्वामी सहित अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



