इस्कॉन मानवता की सेवा में अहम भूमिका निभा रहा है : शाह ने मायापुर में कहा

मायापुर (प. बंगाल), केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) पूरे विश्व में ‘सनातन धर्म’ का ध्वज फहराने और आपदाओं के दौरान राहत कार्य और सामाजिक कल्याण गतिविधियों के माध्यम से मानवता की सेवा करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

शाह ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के मायापुर स्थित इस्कॉन मुख्यालय में भक्तों को संबोधित करते कहा कि वह इस आध्यात्मिक केंद्र में अपनी आधिकारिक क्षमता में नहीं, बल्कि चैतन्य महाप्रभु के भक्त के रूप में आए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाइयो और बहनो, आपने आदरपूर्वक मुझे भारत का गृह मंत्री कहा, लेकिन मैं उस हैसियत से यहां नहीं आया हूं। मैं यहां चैतन्य महाप्रभु के एक समर्पित अनुयायी के रूप में आया हूं।’’शाह ने कहा कि उनकी लंबे समय से मायापुर आने की इच्छा थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण यात्रा में देरी हुई।

इस्कॉन का प्रभाव भक्ति से सेवा तक विस्तृत

वह भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर की 152वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘भक्तिसिद्धांत का सबसे बड़ा योगदान भक्तिवेदांत प्रभुपाद जैसे शिष्य को तैयार करना था। आज विश्व स्तर पर फैला इस्कॉन आंदोलन इन दोनों महान पवित्र आत्माओं के जीवन भर के कार्यों का परिणाम है।’’

शाह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री के रूप में जब वह पूरे देश की यात्रा करते थे तो संपूर्ण राष्ट्र में इस्कॉन के प्रभाव को देखते थे। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा प्रकाशित भगवद गीता सभी आयु वर्ग और व्यवसायों के लोगों के लिए सुलभ है।

केंद्रीय मंत्री ने इस्कॉन द्वारा मानवता की सेवा को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन की भूमिका भक्ति से परे है, जिसमें खाद्य वितरण शिविर और आपदाग्रस्त क्षेत्रों में सबसे पहले मदद के लिए इसका पहुंचना शामिल है। उन्होंने गरीबों को स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय त्योहारों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के क्षेत्र में इस्कॉन के कार्यों की भी सराहना की। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button