नकली सोना थमाकर असली गोल्ड के साथ फरार हुईं महिलाएँ
हैदराबाद, जुबली हिल्स थाना परिधि के अंतर्गत दो महिलाएँ एसकेटी ज्वेलर्स जुबली हिल्स रोड नं. 36 के प्रबंधक का ध्यान भंग कर नकली सोने के आभूषण थमाकर 7.5 तोला असली सोने के आभूषण और 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गईं।
जुबली हिल्स पुलिस ने बताया कि बुधवार को दोपहर 2 बजे एसकेटी ज्वेलर्स में दो महिलाएँ आईं और ज्वेलरी शॉप के प्रबंधक शिव कुमार से बातचीत की। दोनों महिलाओं ने शिव कुमार से कहा कि उनके पास 7.5 तोला सोने आभूषण है, जिसके बदले में उतनी ही मात्रा में नए सोने के आभूषण लेना चाहती है। शिव कुमार ने उनके पास से सोने के आभूषण ले लिए और डायमंड एण्ड गोल्ड इंस्पेक्शन सेंटर जुबली हिल्स जाकर इनकी जाँच करवाई।
ध्यान भटकाकर असली गहने बदले
जाँच में वे असली सोने के आभूषण पाए गए। इसके बाद बातचीत के दौरान दोनों महिलाओं ने असली सोने के आभूषण अपने पास रख लिए और उसी आकार प्रकार के नकली सोने के आभूषण शिव कुमार को थमा दिए। सौदा तय होने के बाद शिव कुमार ने दोनों महिलाओं को 7.5 तोला सोने के आभूषण देने के अलावा 35 हजार रुपये नकदी और एक गिफ्ट भी दिया। इसके बाद दोनों महिलाएँ चली गई। शाम के समय शोरूम के मालिक प्रशांत ने आकर जाँच की, तब पता चला कि महिलाओं द्वारा दिए गए सोने के आभूषण नकली हैं।
यह भी पढ़े: उप्र : पुलिस हिरासत से फरार दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी फिर गिरफ्तार
प्रशांत ने तुरन्त इस घटना की जुबली हिल्स पुलिस थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की। शोरूम के पास लगे सीसी टीवी कैमरों की जाँच करने पर पता चला कि दोनों महिलाएँ जिस ऑटो में ज्वेलरी शॉप आई थी, वापस उसी ऑटो से फरार हो गईं। कैमरों में यह भी देखा गया कि दोनों महिलाओं ने शोरूम के प्रबंधक शिव कुमार का ध्यान भंग कर असली सोने के आभूषण से बदल दिए। पुलिस ऑटो के पंजीकरण के आधार पर ऑटो चालक और दोनों महिलाओं की तलाश कर रही है। इस मामले की जाँच हेतु एक विशेष पुलिस दल का गठन किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



