जनता से सीधे जुड़ने के लिए जलबोर्ड का ‘बस्ती बाटा’ आज से

हैदराबाद, हैदराबाद महानगरीय पेयजल आपूर्ति व मल निकास बोर्ड ने शहर में पेयजल एवं सीवरेज समस्याओं से निपटने तथा लोगों से सीधे संपर्क साधने के उद्देश्य से बस्ती बाटा कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम सप्ताह में 4 दिन आयोजित होगा, जिसमें अधिकारी बस्तियों का दौरा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जलबोर्ड की सीमा को कोर अर्बन रीजन तक विस्तारित किए जाने के साथ ही जल एवं सीवरेज सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, स्थानीय स्तर पर मौजूद समस्याओं की पहचान कर उन्हें दूर करने तथा सीधे जनता से शिकायतें जानने के उद्देश्य से जलबोर्ड बस्ती बाटा नामक विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक से लेकर वार्ड प्रबंधक तक हिस्सा लेंगे। अधिकारी बोर्ड के अंतर्गत बस्तियों एवं कॉलोनियों में प्रत्येक मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को प्रातः 7 से 10 बजे तक दौरा करेंगे।

निरीक्षण के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे

इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। अधिकारी निरीक्षण के दौरान पेयजल एवं सीवरेज से संबंधित समस्याओं की पहचान करेंगे, नागरिकों से संवाद करेंगे, समस्याओं को जानेंगे तथा अस्थायी समस्याओं का तत्काल समाधान करेंगे। साथ ही स्थायी समाधान हेतु वार्ड-वार योजनाएँ तैयार की जाएँगी।

बोर्ड ने सीवरेज मेनहोल, पाइपलाइन की स्थिति, लीकेज, ओवरफ्लो, डी-सिल्टिंग आदि की जाँच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस बात पर ध्यान दिया जाएगा कि पाइपलाइन, लीकेज, जलापूर्ति की समयबद्धता, पानी की बर्बादी, लो-प्रेशर, नलों पर मोटरों की अनधिकृत फिटिंग तथा पेयजल की गुणवत्ता की जाँच कर आवश्यक कदम उठाए जाएँगे। साथ ही आवासीय क्षेत्रों में भूजल स्तर बढ़ाने के लिए सोकपिट्स और इंजेक्शन बोरवेल्स के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।

प्रत्येक वार्ड प्रबंधक दौरे के दिन चिह्नित समस्याओं, अस्थायी समाधान तथा स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित योजनाओं की रिपोर्ट ऑनलाइन ऐप के माध्यम से सर्किल डीजीएम को भेजेंगे। सर्किल डीजीएम से यह रिपोर्ट जोन, जोन से रीजन और रीजन से मुख्य कार्यालय को ऑनलाइन प्रेषित की जाएगी। प्रत्येक सप्ताह शनिवार को दौरे की समीक्षा बैठक होगी। शुक्रवार से पहला बस्ती बाटा कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

यह भी पढ़ें… पुलिस महानिदेशक ने किया राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ

दूषित जल की शिकायतों पर की जाए तुरंत कार्रवाई : मयंक मित्तल

हैदराबाद महानगरीय जलबोर्ड के संयुक्त प्रबंध निदेशक मयंक मित्तल ने आज गोशामहल तथा कारवान का दौरा कर पेयजल से संबंधित शिकायतों की जाँच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जियागुड़ा से मिल रही दूषित जल की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए।

बस्ती निरीक्षण के दौरान जल बोर्ड अधिकारी नागरिकों से संवाद

मयंक मित्तल ने जियागुड़ा क्षेत्र में दूषित जल से संबंधित शिकायतों के समाधान कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति और प्रभावी सीवरेज सेवाएँ प्रदान करने के लिए अधिकारी निरंतर सतर्क रहें। मयंक मित्तल ने जन शिकायतों तथा टैंकर प्रबंधन पर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। एमसीसी के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में सीवरेज ओवरफ्लो, दूषित जल, लापता मैनहोल कवर तथा क्षतिग्रस्त मैनहोल कवर से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ली। साथ ही मेट्रो कस्टमर केयर को प्राप्त शिकायतों का समय-समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। अवसर पर निदेशक (ऑपरेशन) विनोद भार्गव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button