कर्नाटक : जुआ मामले में पूछताछ के दौरान युवक की मौत, सीआईडी जांच शुरु
तुमकुरु (कर्नाटक), जुए के एक मामले में पूछताछ के लिए लाए गए 50 वर्षीय एक व्यक्ति की यहां एक पुलिस थाना परिसर में गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मृतक कांताराजू के परिजनों ने उसकी मौत संबंधी परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया जिसके बाद कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इस घटना की जांच सीआईडी (आपराधिक जांच विभाग) से कराए जाने के आदेश दिए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चिक्कनायकनहल्ली तालुक के यलानाडु गांव में रहने वाले कांताराजू को जुए के एक मामले में पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को हुलियार पुलिस थाने लाया गया था। उन्होंने कहा कि जुए के एक मामले में उससे पूछताछ की गई और उसे नोटिस दिया गया। पुलिस थाने से निकलते समय वह अचानक गिर पड़ा और परिसर के भीतर ही उसकी मौत हो गई।
जिम्मेदार पाए जाने पर कार्रवाई का पुलिस का आश्वासन
पुलिस ने कहा कि मौत के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना की न्यायिक मजिस्ट्रेट से जांच कराई जा रही है। कांताराजू की मौत के बाद गांववालों ने जवाबदेही तय किए जाने की मांग को लेकर पुलिस थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक के वी ने आश्वासन दिया है कि यदि कोई पुलिसकर्मी इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़: एचसीए अध्यक्ष जगनमोहन राव सीआईडी की हिरासत में
राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने इस मामले को सीआईडी को सौंपने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मैंने एसपी से बात की। उन्होंने कहा कि यह हवालात में मौत का मामला नहीं है। उस व्यक्ति की मौत हुई है, यह अभी पता नहीं है कि क्या हुआ था। मैंने इस मामले को सीआईडी को सौंपने का फैसला किया है। अगर उसके साथ मारपीट हुई है या कुछ और हुआ है, तो सीआईडी की जांच से चीजें साफ हो जाएंगी। पोस्टमार्टम से भी कुछ हद तक इसका पता चल जाएगा। सीआईडी पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और रिपोर्ट देगी जिसके आधार पर हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





